High Retrun on SBI Bank FD: देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने अपनी फिक्स्ड डिपॉजिट की ब्याज दरों में इजाफा किया है। बैंक ने दो करोड़ रुपये तक की रिटेल एफडी पर ब्याज दरों में बढ़ोतरी की है। बैंक की वेबसाइट के अनुसार, नई एफडी दरें 15 मई, 2024 से प्रभावी हो गई हैं। SBI ने 46 से 179 दिन, 180 से 210 दिन और 211 से एक साल से कम अवधि की एफडी पर ब्याज दरों में 25-75 बेसिस प्वाइंट का इजाफा किया है। इससे पहले बैंक ने आखिरी बार 27 दिसंबर, 2023 को एफडी की ब्याज दरों में बढ़ोतरी की थी।
स्टेट बैंक शॉर्ट टर्म एफडी की दरें
स्टेट बैंक डिपॉजिट की अलग-अलग अवधि के आधार पर ब्याज ऑफर करता है। 7 दिनों से लेकर 45 दिनों तक की शॉर्ट टर्म एफडी पर बैंक 3.50 फीसदी की दर से ब्याज दे रहा है। 46 दिनों से 179 दिनों के बीच की एफडी पर ब्याज दर 5.50 फीसदी हो गई है। 180 दिन से 210 दिन के लिए ब्याज दर 6.00 फीसदी और 211 दिनों से लेकर एक वर्ष से कम अवधि की एफडी पर बैंक 6.25 फीसदी की दर से ब्याज ऑफर कर रहा है।
स्टेट बैंक में 5 से 10 साल की एफडी की ब्याज दर
एक साल और दो साल से कम की अवधि की एफडी पर बैंक 6.80 फीसदी की दर से ब्याज ऑफर कर रहा है। 2 वर्ष से लेकर तीन वर्ष से कम की जमा राशि पर ब्याज दर 7 फीसदी है। 3 साल से लेकर और पांच साल से कम की अवधि एफडी पर बैंक 6.75 फीसदी की दर से इंटरेस्ट ऑफर कर रहा है। पांच साल से लेकर 10 साल तक की लंबी अवधि की एफडी पर बैंक 6.50 फीसदी की दर से ब्याज ऑफर कर रहा है।
स्टेट बैंक में सीनियर सिटीजन के लिए ब्याज दर
सीनियर सिटीजन को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया सामान्य से 50 बेसिस प्वाइंट अधिक ब्याज प्रदान करता है। ब्याज दरों नें बढ़ोतरी के बाद एसबीआई वरिष्ठ नागरिकों को सात दिनों से दस साल के बीच की एफडी पर 4 फीसदी से लेकर 7.5 फीसदी की दर से ब्याज ऑफर कर रहा है। विशेष रूप से 7 दिन से 45 दिन की जमा राशि पर ब्याज दर 4 फीसदी है। 46 दिन से 179 दिन की एफडी पर ब्याज दर 6.00 फीसदी और 180 दिन से 210 दिन की अवधि की एफडी पर बैंक 6.5 फीसदी की दर से ब्याज ऑफर कर रहा है।
स्टेट बैंक में 7.50 फीसदी की दर से मिलेगा रिटर्न
211 दिन से लेकर एक साल से कम अवधि की एफडी पर बैंक 6.75 फीसदी की दर से ब्याज दे रहा है। एक वर्ष से लेकर दो वर्ष से कम की अवधि के लिए ब्याज दर 7.30 फीसदी है, जबकि 2 वर्ष से लेकर तीन वर्ष से कम की जमा राशि पर 7.50 फीसदी की दर से ब्याज मिलेगा। 3 साल से लेकर पांच साल से कम की अवधि के लिए ब्याज दर 7.25 फीसदी है और 5 साल से 10 साल तक की लंबी अवधि की एफडी पर बैंक 7.50 फीसदी की दर से ब्याज ऑफर कर रहा है।
