यूटिलिटी

बच्चों के Aadhaar में किस उम्र में जरूरी है Biometric Update, जानिए Free मिलेगी सर्विस या लगेगा चार्ज

आधार कार्ड एक जरूरी सरकारी डॉक्यूमेंट है, जो बच्चों के लिए भी स्कूल-कॉलेज में एडमिशन से लेकर सरकारी योजनाओं और स्कॉलरशिप लेने में काम आता है। ऐसे में इस डॉक्यूमेंट को अपडेट रखना बेहद जरूरी हो जाता है।

Image

बच्चों के आधार में कब जरूरी है Biometric Update (AI Generated Image)

आधार कार्ड (Aadhaar Card) आज के समय में बच्चों के लिए भी एक जरूरी डॉक्यूमेंट बन गया है। स्कूल-कॉलेज में एडमिशन से लेकर सरकारी योजनाओं और स्कॉलरशिप का लाभ लेने तक कई जगह इस डॉक्यूमेंट की जरूरत पड़ती है। ऐसे में बच्चों के आधार कार्ड की जानकारी अपडेट रखना बेहद जरूरी हो जाता है। खासतौर पर माता-पिता को बच्चों के आधार में होने वाले बायोमेट्रिक अपडेट (Mandatory Biometric Update) को लेकर जानकारी होनी चाहिए। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) के अनुसार, बच्चों के आधार में दो उम्र में बायोमेट्रिक अपडेट करवाना जरूरी है। ये दो उम्र 5 साल और 15 साल हैं।

5 साल की उम्र में पहला बायोमेट्रिक अपडेट

जब बच्चा 5 साल का हो जाता है तो उसके आधार कार्ड में पहला अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट करवाना होता है। दरअसल, छोटे बच्चों का आधार बनाते समय उनकी उंगलियों के निशान और आंखों की पुतलियों (Iris) से जुड़ी जानकारी दर्ज नहीं की जाती है। ऐसे में 5 साल की उम्र पूरी होने पर बच्चे के फिंगरप्रिंट, आइरिस और फोटो को अपडेट करवाना जरूरी होता है। UIDAI के अनुसार, 5 से 7 साल की उम्र के बीच पहली बार यह अपडेट करवाने पर कोई शुल्क नहीं देना होता है।

15 साल की उम्र में दूसरा बायोमेट्रिक अपडेट

बच्चों के आधार में दूसरा जरूरी बायोमेट्रिक अपडेट 15 साल की उम्र में करवाना होता है। इस दौरान बच्चे के फिंगरप्रिंट, आइरिस और फोटो को दोबारा अपडेट किया जाता है। ऐसा इसलिए जरूरी है क्योंकि किशोरावस्था में शरीर के विकास के साथ बायोमेट्रिक पहचान में बदलाव हो सकते हैं। UIDAI के मुताबिक, 15 से 17 साल की उम्र के बीच पहली या दूसरी बार बायोमेट्रिक अपडेट करवाने पर यह सुविधा मुफ्त है।

कितना लगेगा बायोमेट्रिक अपडेट का चार्ज?

UIDAI की ओर से जारी चार्ज लिस्ट के अनुसार, 5 से 7 साल के बीच पहला बायोमेट्रिक अपडेट मुफ्त है। वहीं, 15 से 17 साल की उम्र के बीच पहला या दूसरा बायोमेट्रिक अपडेट भी मुफ्त कराया जा सकता है। इसके अलावा, बायोमेट्रिक अपडेट के लिए 125 रुपये का शुल्क निर्धारित है। फिलहाल 5 से 17 साल की उम्र के बीच बायोमेट्रिक अपडेट 30 सितंबर 2027 तक मुफ्त है।

नाम, जेंडर अपडेट के लिए कितना लगेगा चार्ज

बायोमेट्रिक अपडेट के अलावा, आधार में नाम, जन्मतिथि, जेंडर, पता, मोबाइल नंबर या ईमेल आईडी जैसी जानकारी अपडेट करवाने के लिए अलग शुल्क निर्धारित है। UIDAI की चार्ज लिस्ट के मुताबिक, बायोमेट्रिक अपडेट के साथ डेमोग्राफिक जानकारी अपडेट करवाने पर कोई शुल्क नहीं लगता। वहीं, इसे अलग से करवाने पर 75 रुपये देने होते हैं।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article