देवउठनी एकादशी के साथ कल यानी 20 नवंबर 2026 से देश में वेडिंग सीजन (Wedding Season 2026) की शुरुआत होने जा रही है। इस दौरान देश में कई शादियां होंगी। शादी की तैयारियों में कपड़े, ज्वेलरी, वेन्यू और कैटरिंग के साथ ही एक बड़ा खर्च शादी के कार्ड (Wedding Invitation Card) छपवाने पर भी होता है। हालांकि, अब इस खर्च को कम करने के लिए लोग फिजिकल कार्ड की जगह डिजिटल वेडिंग इनविटेशन (Digital Wedding Invitation) पसंद कर रहे हैं। आइए जानते हैं डिजिटल इनविटेशन से कितने रुपये बचाए जा सकते हैं-
डिजिटल इनविटेशन से कितने रुपये बचेंगे?
शादी के फिजिकल कार्ड की कीमत उसकी क्वालिटी, डिजाइन और पेपर पर निर्भर करती है। सामान्य कार्ड भी प्रति पीस करीब 15 से 50 रुपये या इससे ज्यादा का पड़ सकता है। वहीं, प्रीमियम कार्ड की कीमत काफी अधिक हो सकती है। उदाहरण के लिए अगर 300 मेहमानों के लिए 30 रुपये प्रति कार्ड के हिसाब से कार्ड छपवाते हैं तो केवल प्रिंटिंग पर 9,000 रुपये खर्च होंगे। इसमें पैकिंग और कार्ड पहुंचाने का खर्च अलग होगा।
दूसरी ओर, डिजिटल इनविटेशन WhatsApp या ईमेल के जरिए मुफ्त में भेजा जा सकता है। अगर खुद मोबाइल ऐप या ऑनलाइन टूल से कार्ड तैयार करते हैं तो खर्च शून्य भी हो सकता है। वहीं, किसी डिजाइनर से वीडियो या एनिमेटेड इनविटेशन बनवाने पर उसकी फीस देनी पड़ सकती है। इस तरह जरूरत के अनुसार डिजिटल कार्ड चुनकर हजारों रुपये बचाए जा सकते हैं।
कैसे तैयार करें डिजिटल वेडिंग इनविटेशन?
डिजिटल शादी का कार्ड तैयार करने के लिए आपको किसी महंगे सॉफ्टवेयर की जरूरत नहीं है। इसके लिए कई आसान विकल्प मौजूद हैं।
Canva से बनाएं कार्ड: Canva ऐप या वेबसाइट पर Wedding Invitation सर्च करें। यहां कई रेडीमेड टेम्पलेट मिल जाते हैं। इनमें दूल्हा-दुल्हन का नाम, शादी की तारीख, समय, वेन्यू और परिवार के सदस्यों का नाम जोड़कर कार्ड तैयार कर सकते हैं।
वीडियो इनविटेशन बनाएं: अगर आप कुछ अलग चाहते हैं तो फोटो, म्यूजिक और एनिमेशन के साथ शादी का वीडियो इनविटेशन तैयार कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल के वीडियो एडिटिंग ऐप्स की मदद ली जा सकती है।
WhatsApp से भेजें न्योता: कार्ड तैयार होने के बाद इसे WhatsApp, ईमेल या सोशल मीडिया के जरिए मेहमानों को भेज सकते हैं। WhatsApp पर ब्रॉडकास्ट लिस्ट या पर्सनल मैसेज के जरिए भी डिजिटल इनविटेशन भेजा जा सकता है।
लोकेशन और RSVP लिंक जोड़ें: डिजिटल कार्ड में Google Maps की लोकेशन और RSVP लिंक जोड़ सकते हैं। इससे मेहमानों को वेन्यू ढूंढने और वे शादी में आ सकते हैं या नहीं की जानकारी पाने में आसानी होगी।
हालांकि, डिजिटल कार्ड भेजने से पहले शादी की तारीख, समय, वेन्यू और नाम की स्पेलिंग अच्छी तरह चेक करें। कार्ड में निजी फोन नंबर या दूसरी संवेदनशील जानकारी सार्वजनिक रूप से शेयर न करें। साथ ही मेहमानों को समय रहते निमंत्रण भेजें, ताकि वे अपनी तैयारी कर सकें।
