आज के समय में रेफ्रिजरेटर (फ्रिज) हर घर की जरूरत बन चुका है। गर्मी के मौसम में यह एक जरूरी होम अप्लायंसेस है। पानी को ठंडा करने से लेकर खाने पीने की चीजों को खराब होने से यह बचाता है। अगर आप एक नया फ्रिज खरीदने जा रहे हैं तो आपके लिए काम की खबर है। दरअसल फ्रिज की खरीदारी के समय इस बात को लेकर बहुत अधिक कंफ्यूजन होता है कि स्टेबलाइजर खरीदना चाहिए या नहीं? आइए आपको बताते हैं कि फ्रिज के साथ स्टेबलाइजर इस्तेमाल करना चाहिए या नहीं?
सबसे पहले आपको यह बता दें कि मार्केट में रेफ्रिजरेटर के कई सारे ऑप्शन्स मौजूद हैं। कुछ सालों पहले तक मार्केट में सिर्फ ऐसे ही फ्रिज उपलब्ध थे जिन पर स्टेबलाइजर की जरूरत होती थी। लेकिन अब आपको स्टेबलाइजल फ्री रेफ्रिजरेटर भी मिलते हैं। इसलिए खरीदारी करते वक्त इस बात का भी ध्यान रखें की फ्रिज किस कैटेगरी का है।
क्या होता है 'स्टेबलाइजर-फ्री' फ्रिज?
सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि कंपनियां जब फ्रिज को 'स्टेबलाइजर-फ्री' कहती हैं, तो उसका मतलब क्या होता है? आपको बता दें कि नए मॉडल्स में एक इन-बिल्ट मैकेनिज्म होता है, जो वोल्टेज के हल्के-फुल्के उतार-चढ़ाव को बेहद आसानी से सह लेता है। आमतौर पर ये फ्रिज 100V से 300V के बीच के वोल्टेज को बिना किसी बाहरी स्टेबलाइजर के सहन कर सकते हैं। जब तक वोल्टेज इस रेंज के अंदर रहता है, फ्रिज का कंप्रेसर सुरक्षित रहता है।
तो फिर स्टेबलाइजर की जरूरत कब पड़ती है?
भारत में अब भी कई सारी ऐसी जगहें हैं जहां पर बिजली का उतार-चढ़ाव काफी ज्यादा रहता है। इसलिए ऐसी जगहों के लिए फ्रिज के साथ स्टेबलाइजर का उपयोग करना बेहद सही है। अगर आपके शहर या फिर क्षेत्र में बिजली की कटौती बहुत ज्यादा होती है या फिर वोल्टेज कम ज्यादा होता रहता है तो आपको फ्रिज में स्टेबलाइजर लगाना चाहिए।
अगर आप किसी ऐसी सोसायटी या फिर शहर में रहते हैं जहां पर बिजली कटौती बहुत कम होती है और वोल्टेज हमेशा स्टेबल रहता है तो आप बिना स्टेबलाइजर के ही फ्रिज इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा अगर आपके पास लेटेस्ट इन्वर्टर टेक्नोलॉजी वाला फ्रिज है तो वह भी बिजली के फ्लक्चुएशन को काफी हद तक मैनेज कर लेता है।
स्टेबलाइजर न लगाने के नुकसान
अगर आपके यहां वोल्टेज की समस्या है और आपने स्टेबलाइजर नहीं लगाया, तो आपको भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। यदि वोल्टेज फ्लक्चुएशन के कारण आपके फ्रिज का कंप्रेसर जल जाता है, तो कई बार कंपनियां इसे वारंटी में कवर करने से मना कर देती हैं और इसकी वजह से आपको भारी नुकसान सहना पड़ सकता है।
आसान भाषा में कहें तो स्टेबलाइजर एक तरह का इंश्योरेंस है जो फ्रिज को पूरी तरह से सेफ रखता है। ध्यान रहे कि भले ही आपका फ्रिज 'स्टेबलाइजर-फ्री' हो, लेकिन वह एक सीमित रेंज तक ही सुरक्षा दे सकता है। अगर आपने लाखों या हजारों रुपये खर्च करके एक अच्छा फ्रिज खरीदा है, तो 1,500 से 2,500 रुपये का एक अच्छा स्टेबलाइजर लगा लेने में ही समझदारी है।
