यूटिलिटी

Instant vs Storage Geyser: घर के लिए कौन-सा है ज्यादा बेहतर? खरीदने से पहले जान लें इसमें अंतर

अगर आप भी नया गीजर खरीदने की सोच रहे हैं तो जल्दबाजी न करें। क्योंकि गलत गीजर खरीदने से आपका पैसा भी बर्बाद हो सकता है और रोजाना इस्तेमाल में परेशानी भी हो सकती है। इसलिए आपको इंस्टैंट और स्टोरेज गीजर के बारे में जरूर जान लेना चाहिए।

Image

गीजर की खरीदारी के समय ब्रैंड के साथ साथ फीचर्स पर भी ध्यान देना बेहद जरूरी है। (फोटो क्रेडिट-Digit)

सर्दियों का मौसम आते ही गर्म पानी की जरूरत बढ़ जाती है। सुबह नहाना हो, बच्चों को स्कूल के लिए तैयार करना हो या फिर बर्तन और दूसरे काम करने हों, गर्म पानी के बिना कई काम मुश्किल लगने लगते हैं। ऐसे में घर के लिए गीजर खरीदने का ख्याल आता है। लेकिन बाजार में जब गीजर खरीदने जाते हैं तो सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि इंस्टैंट गीजर लें या स्टोरेज गीजर? दोनों ही गर्म पानी देने का काम करते हैं, लेकिन इनकी बनावट, काम करने का तरीका, बिजली की खपत और क्षमता में काफी अंतर होता है।

अगर आप भी नया गीजर खरीदने की सोच रहे हैं तो जल्दबाजी न करें। क्योंकि गलत गीजर खरीदने से आपका पैसा भी बर्बाद हो सकता है और रोजाना इस्तेमाल में परेशानी भी हो सकती है। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि इंस्टैंट और स्टोरेज गीजर में क्या अंतर है और आपके घर के लिए कौन-सा बेहतर रहेगा।

इंस्टैंट गीजर क्या होता है?

इंस्टैंट गीजर पानी को तुरंत गर्म करने का काम करता है। इसमें पानी जमा करने के लिए बड़ी टंकी नहीं होती। जैसे ही आप गर्म पानी का नल खोलते हैं, गीजर के अंदर लगा हीटिंग एलिमेंट पानी को गर्म कर देता है। इसका आकार छोटा होता है और यह कम जगह में आसानी से फिट हो जाता है। किचन में बर्तन धोने या थोड़े गर्म पानी की जरूरत के लिए यह अच्छा विकल्प है। हालांकि, इसमें एक बार में सीमित मात्रा में गर्म पानी मिलता है।

स्टोरेज गीजर क्या होता है?

स्टोरेज गीजर में पानी जमा करने के लिए एक टैंक होता है। इसमें पहले पानी गर्म किया जाता है और फिर जरूरत के हिसाब से इस्तेमाल किया जाता है। बाजार में 10, 15 और 25 लीटर तक के कई मॉडल मिल जाते हैं। इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि एक बार पानी गर्म होने के बाद परिवार के सदस्य आसानी से इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि, पानी खत्म होने पर दोबारा गर्म होने के लिए कुछ समय इंतजार करना पड़ता है।

इंस्टैंट और स्टोरेज गीजर में क्या अंतर है?

इंस्टैंट गीजर जरूरत पड़ने पर पानी गर्म करता है, जबकि स्टोरेज गीजर पहले से पानी गर्म करके टैंक में रखता है। इंस्टैंट गीजर आकार में छोटा होता है और कम जगह लेता है, वहीं स्टोरेज गीजर थोड़ा बड़ा होता है। कम मात्रा में गर्म पानी चाहिए तो इंस्टैंट गीजर सही है, जबकि रोजाना नहाने और परिवार के ज्यादा सदस्यों के इस्तेमाल के लिए स्टोरेज गीजर बेहतर रहता है।

घर के लिए कितने लीटर का गीजर खरीदें?

गीजर खरीदते समय उसकी कैपेसिटी का जरूर ध्यान रखना चाहिए। मार्केट में आपको लगभग सभी ब्रैंड्स के पास अलग-अलग क्षमता वाला छोटे-बड़े गीजर देखने को मिल जाएंगे।

  • 1 से 3 लीटर: किचन में बर्तन धोने और हाथ-मुंह साफ करने के लिए।
  • 3 से 6 लीटर: कम मात्रा में गर्म पानी इस्तेमाल करने वालों के लिए।
  • 10 से 15 लीटर: दो से तीन सदस्यों वाले परिवार के लिए।
  • 15 से 25 लीटर: तीन से पांच सदस्यों वाले परिवार के लिए।
  • 25 लीटर या ज्यादा: बड़े परिवार और ज्यादा गर्म पानी की जरूरत के लिए।

किस गीजर में बिजली की खपत कम होती है?

अक्सर लोग सोचते हैं कि इंस्टैंट गीजर में बिजली कम खर्च होती है और स्टोरेज गीजर ज्यादा बिजली खाता है। लेकिन ऐसा हमेशा नहीं होता। बिजली की खपत गीजर की पावर, इस्तेमाल के समय और गर्म किए जाने वाले पानी की मात्रा पर निर्भर करती है। स्टोरेज गीजर में टैंक का पानी गर्म रखने के लिए भी बिजली खर्च हो सकती है। इसलिए खरीदते समय BEE स्टार रेटिंग और बिजली की खपत जरूर चेक करें।

गीजर खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान

गीजर खरीदते समय सिर्फ कीमत और डिजाइन न देखें। उसकी क्षमता, BEE स्टार रेटिंग, टैंक की क्वालिटी और वारंटी की जानकारी जरूर लें। इसके अलावा सेफ्टी वाल्व, थर्मोस्टेट और ओवरहीट प्रोटेक्शन जैसे फीचर्स भी होने चाहिए। अगर आपके घर में पानी हार्ड है तो हार्ड वाटर से बचाव करने वाला मॉडल चुनें। गीजर का इंस्टॉलेशन हमेशा प्रशिक्षित इलेक्ट्रिशियन से ही करवाएं।

तो कौन-सा गीजर खरीदना रहेगा बेहतर?

अगर आपको किचन में कम मात्रा में गर्म पानी चाहिए और जगह भी कम है तो इंस्टैंट गीजर खरीद सकते हैं। वहीं अगर परिवार में ज्यादा सदस्य हैं और रोजाना नहाने के लिए गर्म पानी चाहिए तो स्टोरेज गीजर बेहतर विकल्प रहेगा। छोटे परिवार के लिए 10 से 15 लीटर और बड़े परिवार के लिए 15 से 25 लीटर का स्टोरेज गीजर उपयोगी हो सकता है।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article