यूटिलिटी

Train Ticket कितने दिन पहले किया जा सकता है बुक, क्या कहते हैं रेलवे के नियम

Indian Railways Ticket Booking Rules 2026: ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए यह जानना बेहद जरूरी है कि वे अपनी यात्रा के लिए कितने दिन पहले टिकट बुक कर सकते हैं।

Image

Train Ticket Booking Rules 2026 (Photo: iStock)

Indian Railways Ticket Booking Rules 2026: ट्रेन (Train) से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अक्सर लंबी यात्रा के लिए पहले से प्लानिंग करना बेहद जरूरी होता है। हर दिन करोड़ों लोग ट्रेन से सफर करते हैं जिसकी वजह है कि पॉपुलर रूट्स पर टिकट जल्दी फुल हो जाते हैं। यात्रियों को ट्रेन की टिकट बुक करने में किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए ही भारतीय रेलवे की ओर से ट्रेन टिकट एडवांस में बुक करने की सुविधा दी जाती है। हालांकि, सवाल ये कि ट्रेन टिकट को कितने दिन पहले बुक करवाया जा सकता है? दरअसल, ट्रेन टिकट एडवांस में बुक के समय को लेकर आखिरी बार साल 2024 में बदलाव किया गया था। आइए ट्रेन टिकट बुक करने से जुड़ी बातों को जानते हैं -

Indian Railways Ticket Booking Rules 2026

Train Ticket Booking Rules 2026 (Photo: iStock)

एडवांस रिजर्वेशन पीरियड क्या है

सबसे पहले तो यही समझें कि Indian Railways के तहत टिकट बुकिंग की सुविधा एक निश्चित समय सीमा के भीतर दी जाती है, जिसे एडवांस रिजर्वेशन पीरियड (Advance Reservation Period - ARP) कहा जाता है। वर्तमान नियमों के अनुसार, ट्रेन से सफर करने वाली यात्री अपनी यात्रा की तारीख से 60 दिन पहले टिकट बुक कर सकते हैं। इस 60 दिन की अवधि में यात्रा का दिन शामिल नहीं होता है।

उदाहरण के लिए मान लें आप 30 जून को यात्रा करना चाहते हैं तो आमतौर पर 1 मई से उस दिन के लिए टिकट बुकिंग शुरू हो जाती है। इस तरह आप दो महीने पहले ही अपनी सीट कन्फर्म कर सकते हैं। यह सुविधा खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद है, जो लंबी दूरी की यात्रा करते हैं या जिनकी यात्रा की तारीख तय होती है।

120 दिन पहले बुक कर सकते थे पहले टिकट

1 नवंबर 2024 से पहले एडवांस रिजर्वेशन पीरियड (ARP) 120 दिन होता था। जिसे घटाकर 60 दिन कर दिया गया था। रेलवे मंत्रालय के अनुसार, यह फैसला इसलिए लिया गया था क्योंकि देखा गया कि 61 से 120 दिन पहले किए गए लगभग 21% टिकट बाद में कैंसिल हो जाते थे, जबकि करीब 5% यात्री न तो यात्रा करते थे और न ही टिकट कैंसिल करते थे। इस “नो-शो” ट्रेंड के कारण रेलवे को सीटों का सही इस्तेमाल करने में दिक्कत होती थी। नए नियमों को यात्रियों के लिए टिकट उपलब्धता बढ़ाने और फर्जी बुकिंग, कैंसिलेशन व सीटों की बर्बादी को कम करने के लिए लाया गया।

एडवांस में क्यों बुक करें ट्रेन का टिकट

पीक सीजन जैसे गर्मियों की छुट्टियां, त्योहारों का समय या लंबे वीकेंड के दौरान ट्रेन टिकट की मांग बहुत ज्यादा बढ़ जाती है। ऐसे समय में अगर आप देर से टिकट बुक करते हैं, तो कन्फर्म सीट मिलना मुश्किल हो सकता है और आपको वेटिंग लिस्ट या आरएसी (RAC) का सहारा लेना पड़ सकता है। इसलिए हमेशा सलाह दी जाती है कि जैसे ही बुकिंग विंडो खुले, आप अपनी टिकट जल्दी से बुक कर लें। इसके अलावा, पहले से टिकट बुक करने का एक और फायदा यह है कि आपको अपनी पसंद की सीट और कोच चुनने का बेहतर मौका मिलता है। साथ ही, आप अपनी यात्रा की अन्य तैयारियां जैसे होटल बुकिंग या लोकल ट्रांसपोर्ट भी समय रहते कर सकते हैं।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article