बिजनेस

Gold Investment: सोना कितना सेफ और स्टेबल है, 46 साल का डेटा उड़ा देगा होश!

अगर तमाम लोगों की तरह आप भी गोल्ड को सेफ और स्टेबल मानते हैं, तो आपको बड़ी झटका लग सकता है। क्योंकि पिछले 46 साल का डेटा कुछ और ही कहानी कहता दिख रहा है।

Image

गोल्ड में निवेश आसान नहीं

Gold Investment: सोने को हमेशा से निवेश का सबसे सुरक्षित विकल्प माना जाता है। शेयर बाजार में गिरावट हो या आर्थिक अनिश्चितता, निवेशक गोल्ड की तरफ भागते हैं। लेकिन क्या सोने में निवेश करना वाकई जोखिम से मुक्त है? FundsIndia की एक रिपोर्ट के 46 साल के आंकड़े कुछ अलग ही कहानी बताते हैं। इस दौरान सोना आधे ट्रेडिंग दिनों में अपने पिछले रिकॉर्ड हाई से 10% से ज्यादा नीचे रहा। इतना ही नहीं, कुछ मौकों पर निवेशकों को अपनी खरीद कीमत तक पहुंचने के लिए करीब 10 साल इंतजार करना पड़ा।

सोना भी देता है बड़े झटके

आमतौर पर निवेशकों के बीच यह धारणा है कि सोना शेयर बाजार की तुलना में ज्यादा सुरक्षित और स्थिर निवेश है। लेकिन FundsIndia की नवंबर 2026 की Wealth Conversations रिपोर्ट बताती है कि सोने की कीमतों में भी लंबी अवधि तक गिरावट और उतार-चढ़ाव देखने को मिलते हैं।

जनवरी 1980 से अक्टूबर 2026 के बीच सोना 50% ट्रेडिंग दिनों में अपने पिछले शिखर यानी पीक प्राइस से 10% से ज्यादा नीचे रहा। दिलचस्प बात यह है कि सेंसेक्स के मामले में यह आंकड़ा 48% रहा।

कितनी बार कितनी टूटी सोने की कीमत?

रिपोर्ट के आंकड़े बताते हैं कि सोने में गिरावट के मामले में तस्वीर उतनी आरामदायक नहीं है, जितनी आमतौर पर मानी जाती है।

पिछले शिखर (Peak) से गिरावटगोल्डसेंसेक्स
5% से ज्यादा नीचे71% ट्रेडिंग दिन66% ट्रेडिंग दिन
10% से ज्यादा नीचे50% ट्रेडिंग दिन48% ट्रेडिंग दिन
20% से ज्यादा नीचे25% ट्रेडिंग दिन27% ट्रेडिंग दिन
30% से ज्यादा नीचे10% ट्रेडिंग दिन15% ट्रेडिंग दिन

इन आंकड़ों से साफ है कि 5%, 10% और 20% तक की गिरावट के मामले में सोना भी शेयर बाजार से बहुत अलग नहीं रहा। हालांकि, जब गिरावट 30% से ज्यादा गहरी हुई तो सेंसेक्स में ऐसी स्थिति सोने के मुकाबले ज्यादा बार देखने को मिली।

रिकवरी में लगे करीब 10 साल

सोने की कीमतों में गिरावट का सबसे चौंकाने वाला पहलू इसका रिकवरी टाइम है। कई बार सोने को अपने पुराने रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचने में कई साल लग गए।

1980 की गिरावट: जनवरी 1980 में सोने ने एक बड़ा शिखर बनाया था। इसके बाद जून 1982 तक इसकी कीमत करीब 57% टूट गई। पुराने स्तर पर लौटने में नवंबर 1989 तक का समय लग गया। यानी निवेशकों को अपने निवेश की पुरानी वैल्यू वापस पाने के लिए करीब 10 साल इंतजार करना पड़ा।

1996 की गिरावट: फरवरी 1996 में बने शिखर के बाद सोने की कीमत करीब 31% गिर गई। इस गिरावट से उबरने और पुराने स्तर पर पहुंचने में करीब 6 साल और 4 महीने लगे।

2012 की गिरावट: नवंबर 2012 के शिखर से सोने की कीमत करीब 29% नीचे आ गई। पुराने स्तर पर वापसी करने में इसे करीब 6 साल और 7 महीने का वक्त लगा।

अभी भी रिकॉर्ड हाई से 24% नीचे है सोना

सोने की कीमतों में हालिया उतार-चढ़ाव भी इसी जोखिम की याद दिलाता है। 16 नवंबर 2026 तक भारत में 24 कैरेट सोने की कीमत करीब 1,35,430 रुपये प्रति 10 ग्राम थी। जबकि 30 जनवरी 2026 को सोने ने करीब 1,79,140 रुपये प्रति 10 ग्राम का रिकॉर्ड स्तर छुआ था। इस तरह सोना अपने रिकॉर्ड हाई से करीब 24% नीचे आ चुका है।

क्या 10 साल पर नुकसान नहीं होता?

अब सवाल है कि अगर सोने में इतनी गिरावट आती है और रिकवरी में कई साल लगते हैं तो क्या इसमें लंबी अवधि के लिए निवेश करना फायदेमंद है? FundsIndia के आंकड़े इस सवाल का एक सकारात्मक पहलू भी दिखाते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 1980 के बाद से सोने ने ऐतिहासिक 10 साल की रोलिंग अवधि में औसतन करीब 10% सालाना रिटर्न दिया है। अध्ययन में शामिल किसी भी पूरी हो चुकी 10 साल की अवधि में निगेटिव रिटर्न दर्ज नहीं हुआ।

क्या निवेश करना बंद कर देना चाहिए?

बिल्कुल नहीं। सोने की उपयोगिता सिर्फ इसके रिटर्न तक सीमित नहीं है। यह निवेश पोर्टफोलियो में विविधता लाने का एक जरिया है। कई बार जब शेयर बाजार में गिरावट होती है तो सोने का प्रदर्शन अलग हो सकता है। हालांकि, यह भी जरूरी नहीं कि हर बार सोना शेयर बाजार की गिरावट से बचाव करे।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article