देश

सीट शेयरिंग पर सपा-कांग्रेस में फंसा पेच! आज नहीं होगी बैठक, अखिलेश-राहुल-प्रियंका की मुलाकात के बाद टला कार्यक्रम

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी और अखिलेश यादव की बातचीत के बाद ही समन्वय समिति बनाने का फैसला हुआ है, इसलिए बैठक टलने को गठबंधन टूटने का संकेत नहीं माना जाना चाहिए। सूत्रों के अनुसार प्रियंका गांधी अब सपा के साथ बातचीत की कमान संभालेंगी, जबकि राहुल जरूरत पड़ने पर ही सीधे दखल देंगे।

Image

यूपी में साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे कांग्रेस और सपा। तस्वीर-AI

Uttar Pradesh Election 2027: उत्तर प्रदेश चुनाव 2027 से पहले विपक्षी गठबंधन में पहली ही बैठक पर ब्रेक लग गया है। सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की पहली बैठक दिल्ली में होनी थी, लेकिन अचानक टल गई। बैठक टलने की खबर सोमवार देर शाम सामने आई। रिपोर्टों में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि कांग्रसे ने चुनाव लड़ने के लिए सपा को 181 सीटों की लिस्ट सौंपी है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस सूची पर सपा की नाराजगी ही बैठक टलने की वजह बनी। इसे कांग्रेस की सूची पर सपा की जवाबी प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

समन्वय समिति बनाने का फैसला हुआ

अखिलेश यादव सोमवार को दिल्ली पहुंच गए थे। उनका कहना है कि सीट बंटवारे पर अभी कोई बातचीत नहीं हुई है। साथ ही उन्होंने दोहराया कि विपक्षी गठबंधन मिलकर चुनाव लड़ेगा। अब वे पार्टी नेताओं के साथ रणनीति बनाएंगे। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी और अखिलेश यादव की बातचीत के बाद ही समन्वय समिति बनाने का फैसला हुआ है, इसलिए बैठक टलने को गठबंधन टूटने का संकेत नहीं माना जाना चाहिए। सूत्रों के अनुसार प्रियंका गांधी अब सपा के साथ बातचीत की कमान संभालेंगी, जबकि राहुल जरूरत पड़ने पर ही सीधे दखल देंगे। कांग्रेस ने इसके लिए पांच सदस्यीय कमेटी भी बनाई है।

403 सीटों पर चुनाव लड़ने को तैयार है कांग्रेस-मसूद

उधर यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने कहा कि पार्टी सभी 403 सीटों पर तैयार है और अखिलेश के मुख्यमंत्री बनने से इनकार कहां किया जा रहा है। पहली बैठक अब 3-4 दिन बाद होने की संभावना है। कांग्रेस दिसंबर में यूपी में अपना चुनाव अभियान शुरू करने की तैयारी में है। ऐसे में सवाल यही है कि 181 सीटों की मांग और सपा की अपनी गिनती के बीच क्या बीच का रास्ता निकलेगा, या खींचतान लंबी चलेगी?

प्रदेश नेताओं के साथ कांग्रेस की बैठक

कांग्रेस नेतृत्व ने सोमवार को चुनाव की तैयारियों और समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ गठबंधन को लेकर राज्य के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर हुई इस बैठक में खरगे, पूर्व पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, उत्तर प्रदेश के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष आराधना मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद समेत कई अन्य नेता शामिल हुए। बैठक के बाद खरगे ने कहा कि राज्य में 'इंडिया’ गठबंधन के साथ कांग्रेस एक मजबूत विकल्प पेश करेगी।

Manish Yadav
मनीष यादवauthor

साल 2011 था जब इंद्रप्रस्थ से पत्रकारिता के सफर की सीढ़ियां चढ़ना शुरू किया । कुछ साल जयपुर रहा और अब ठिकाना अवध है। माइक पकड़ कर कोशिश करता हूं कि आम की आवाज खास के कानो तक पहुंचा पाऊं उम्मीद रहती है इससे हल निकलेगा ।

और पढ़ें
End of Article