यूटिलिटी

15 दिन में आपके घर पर पहुंच जाएगा प्लास्टिक वाला वोटर कार्ड, ऐसे करें ऑनलाइन ऑर्डर

यदि आप भी उन लोगों में से एक हैं जिनके पास अभी तक प्लास्टिक वाला यानी पीवीसी वोटर कार्ड नहीं है तो यह खबर आपके लिए है। आप घर बैठे Voter Card Online Order कर सकते हैं।

Image

Voter ID Online Apply

वोटर आईडी कार्ड बनवाने के लिए अब आपको महीनों इंतजार नहीं करना पड़ेगा। चुनाव आयोग (Election Commission of India) ने वोटर आईडी कार्ड यानी EPIC की डिलीवरी को लेकर बड़ा बदलाव किया है। नए नियम के तहत मतदाता सूची में नाम जुड़ने या उसमें बदलाव होने के 15 दिनों के भीतर वोटर आईडी कार्ड आवेदक के घर पहुंचाया जाएगा। खास बात यह है कि अब आप अपने कार्ड की प्रिंटिंग से लेकर पोस्ट ऑफिस के जरिए डिलीवरी तक की स्थिति ऑनलाइन ट्रैक कर सकेंगे। हर चरण की जानकारी SMS के जरिए भी मिलेगी। आइए जानते हैं कि नया वोटर आईडी कार्ड कैसे बनवाएं और उसका स्टेटस कैसे चेक करें।

15 दिन में घर पहुंचेगा वोटर आईडी कार्ड

चुनाव आयोग के मुताबिक, नई व्यवस्था के तहत मतदाता सूची में अपडेट होने के बाद EPIC कार्ड 15 दिनों के भीतर डिलीवर किया जाएगा। पहले कार्ड मिलने में काफी समय लग जाता था। अब पूरी प्रक्रिया को डिजिटल बनाया गया है। इसके लिए आयोग ने अपने नए ECINet प्लेटफॉर्म पर एक विशेष IT मॉड्यूल शुरू किया है। इसे डाक विभाग (Department of Posts) के साथ जोड़ा गया है। इससे कार्ड बनने से लेकर पोस्ट ऑफिस के माध्यम से घर पहुंचने तक की पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी जा सकेगी।

हर स्टेज पर मिलेगा SMS अलर्ट

नई व्यवस्था में आवेदक को सिर्फ कार्ड का इंतजार नहीं करना होगा, बल्कि उसे हर चरण की जानकारी भी मिलती रहेगी। वोटर आईडी कार्ड जनरेट होने, डाक विभाग को सौंपे जाने और डिलीवरी से जुड़े अपडेट SMS के जरिए भेजे जाएंगे। इससे आपको बार-बार ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर जानकारी चेक करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

ऑनलाइन कैसे बनवाएं नया वोटर आईडी कार्ड?

अगर आपकी उम्र 18 साल या उससे ज्यादा है और आप पहली बार वोटर आईडी बनवाना चाहते हैं तो ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

  • 1. सबसे पहले चुनाव आयोग के आधिकारिक पोर्टल https://voters.eci.gov.in/ पर जाएं।
  • 2. अपने मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी की मदद से Sign Up करें।
  • 3. अपना नाम और पासवर्ड दर्ज करके अकाउंट बनाएं। इसके बाद OTP मंगवाएं।
  • 4. रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए OTP को दर्ज करके अकाउंट वेरिफाई करें।
  • 5. अब लॉगिन करके Form 6 के विकल्प पर क्लिक करें।
  • 6. इसमें अपना नाम, जन्मतिथि, परिवार के सदस्य की जानकारी, मोबाइल नंबर और घर का पता भरें।
  • 7. मांगे गए जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।
  • 8. आवेदन को एक बार अच्छी तरह चेक करें। कोई गलती हो तो सुधार करें और Submit पर क्लिक कर दें।

वोटर आईडी आवेदन का स्टेटस कैसे चेक करें?

आवेदन करने के बाद आप घर बैठे उसका स्टेटस भी देख सकते हैं। इसके लिए इन स्टेप्स को फॉलो करें।

  • 1. https://voters.eci.gov.in/ वेबसाइट खोलें।
  • 2. अपने मोबाइल नंबर और पासवर्ड से लॉगिन करें।
  • 3. यहां 'Track Application Status' विकल्प पर क्लिक करें।
  • 4. Form 6 या Form 6A जमा करने के बाद मिले Reference Number को दर्ज करें।
  • 5. अपना राज्य चुनें और Submit पर क्लिक करें।
  • 6. स्क्रीन पर आपके आवेदन की मौजूदा स्थिति दिखाई देगी।

किन बातों का रखें ध्यान?

वोटर आईडी के लिए आवेदन करते समय नाम, जन्मतिथि और पते की जानकारी सही भरें। गलत जानकारी या अधूरे दस्तावेजों के कारण आवेदन में देरी हो सकती है। आवेदन जमा करने के बाद मिलने वाला Reference Number संभालकर रखें, क्योंकि इसी की मदद से आप स्टेटस ट्रैक कर सकेंगे।

ध्यान रखें कि 15 दिनों की डिलीवरी की समयसीमा मतदाता सूची में अपडेट होने के बाद लागू होती है, केवल आवेदन जमा करने की तारीख से नहीं। इसलिए पहले आवेदन का सत्यापन और मतदाता सूची में नाम जुड़ने की प्रक्रिया पूरी होना जरूरी है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article