Science News: आज से 49 साल पहले, 1977 में एक संदेशवाहक को ब्रह्मांड के अनजान अंधेरे में रवाना किया था। वह संदेशवाहक बिना थके, बिना रुके 61,000 किलोमीटर प्रति घंटे की तूफानी रफ्तार से लगातार भागता जा रहा है। आज वह इतनी दूर निकल चुका है कि यदि आप उसकी ओर टॉर्च जलाकर एक किरण यानी लाइट सिग्नल भेजें, तो लाइट को उस तक पहुंचने में पूरे 24 घंटे यानी एक दिन लगेगा। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी NASA का ऐतिहासिक अंतरिक्ष यान वॉयजर-1 (Voyager 1) बुधवार को यही चमत्कार करने जा रहा है। इंसानियत के इतिहास में निर्मित यह पहला ऐसा ढांचा बनने जा रहा है, जो पृथ्वी से एक 'लाइट-डे' (One Light-Day) यानी 16 अरब मील (लगभग 26 अरब किलोमीटर) की अविश्वसनीय दूरी पर पहुंच गया है। आइए आसान शब्दों में समझते हैं कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि के क्या मायने हैं।
आखिर क्या है 'एक लाइट-डे'?
ब्रह्मांड में सबसे तेज तेज रफ्तार प्रकाश की गति होती है, जो तकरीबन 3 लाख किलोमीटर केवल एक सेकंड में तय कर लेती है। इस चाल का अंदाजा आप ऐसे लगा सकते हैं कि चांद से पृथ्वी तक रोशनी पहुंचने में केवल 1.3 सेकंड लगते हैं और सूरज की रोशनी को पृथ्वी तक आने में करीब 8 मिनट 20 सेकंड लगते हैं। लेकिन जब वॉयजर-1 बुधवार को अपने इस लैंडमार्क को छुएगा, तो उसके द्वारा रेडियो तरंगों (जो प्रकाश की गति से चलती हैं) के रूप में भेजा गया संदेश पृथ्वी पर नासा के स्टेशन तक पहुंचने में पूरे 24 घंटे (एक लाइट-डे) का समय लेगा। नासा के वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस यान को 1 'लाइट-ईयर' यानी प्रकाश वर्ष की दूरी तय करने में अभी 18,000 साल और लगेंगे।
1977 से 2026 तक: 49 साल का रोमांचक सफर
वॉयजर-1 को 1977 में लॉन्च किया गया था। शुरुआत में इसका मुख्य मकसद बृहस्पति (Jupiter) और शनि (Saturn) ग्रह की तस्वीरें और आंकड़े जुटाना था। 1979 में इसने बृहस्पति और 1980 में शनि ग्रह के पास से गुजरते हुए उनकी अद्भुत तस्वीरें भेजीं। अपने प्राथमिक मिशन पूरे करने के बाद यह आगे बढ़ता रहा और 2012 में इंसानी इतिहास में पहली बार हमारे सौरमंडल की सीमा को पार कर अंतरतारकीय अंतरिक्ष यानी इंटरस्टेलर स्पेस में प्रवेश कर गया। वॉयजर-1 के साथ उसका जुड़वां यान 'वॉयजर-2' भी भेजा गया था, जिसने यूरेनस और नेपच्यून की यात्रा की और 2018 में इंटरस्टेलर स्पेस में दाखिल हुआ। वॉयजर-2 वर्ष 2035 तक 1 लाइट-डे की दूरी पर पहुंचेगा।
'पेल ब्लू डॉट' पृथ्वी की वह ऐतिहासिक तस्वीर है, जिसे 6 अरब किलोमीटर दूर से कैद किया गया था। (चित्र साभार: NASA/JPL-Caltech)
'पेल ब्लू डॉट' और इंसानी वजूद का अहसास
वॉयजर-1 ने ही 1990 में नेपच्यून ग्रह के पार से पृथ्वी की सबसे दूरी से ली गई एक ऐतिहासिक तस्वीर खींची थी, जिसे महान खगोलशास्त्री कार्ल सेगन (Carl Sagan) ने 'पेल ब्लू डॉट' (धुंधला नीला बिंदु) नाम दिया था। उस तस्वीर को पूरी दुनिया के सामने रखते हुए कार्ल सेगन ने कहा था कि "उस नीले बिंदु को देखिए। वही हमारा घर है, वही हम हैं। उस एक तिनके जैसे बिंदु पर हर वह इंसान रहा है जिसे आप जानते हैं, जिसके बारे में आपने सुना है और जो कभी इस दुनिया में आया है। महान ब्रह्मांडीय मंच पर पृथ्वी एक बेहद छोटा सा रंगमंच है।"
एलियंस के लिए पृथ्वी का खत
वॉयजर-1 केवल एक मशीन नहीं है, यह ब्रह्मांड में तैरता इंसानियत का टाइम कैप्सूल है। इसके साथ 12-इंच की तांबे और सोने से मढ़ी हुई एक फोनोग्राफिक डिस्क (Golden Record) भेजी गई है। इसमें दुनिया की 55 अलग-अलग भाषाओं में शुभकामनाएं रिकॉर्ड हैं। पृथ्वी के विभिन्न प्राकृतिक संगीत, हवा, बारिश और जानवरों की आवाजें दर्ज हैं। कार्ल सेगन के 6 साल के बेटे निक की आवाज में संदेश है: "हेलो, प्लैनेट अर्थ के बच्चों की तरफ से हेलो।" नासा की प्रोजेक्ट मैनेजर सुजैन डॉड (Suzanne Dodd) कहती हैं, "यह 1977 के पृथ्वी के जीवन का एक टाइम कैप्सूल है। मुझे उम्मीद है कि आज से 1,000 साल बाद भी अगर कोई इसे ब्रह्मांड में खोजता है, तो उसे हमारी दुनिया के बारे में पता चलेगा।"
वॉयेजर गोल्डन रिकॉर्ड एल्बम (चित्र साभार: NASA/JPL-Caltech Via AP)
आज भी काम कर रहा है 49 साल पुराना प्लूटोनियम इंजन
अपनी ढलती उम्र और अक्सर आने वाली तकनीकी खराबी के बावजूद, वॉयजर-1 आज भी प्लूटोनियम से मिलने वाली न्यूक्लियर ऊर्जा के दम पर काम कर रहा है। कैलिफोर्निया स्थित नासा की जेट प्रोपल्शन लैब (JPL) के वैज्ञानिक हर हफ्ते इसे निर्देश भेजते हैं। यह यान रोजाना अंतरिक्ष के चुंबकीय क्षेत्र, ब्रह्मांडीय किरणों और दबाव की जानकारी पृथ्वी पर भेजता है। वैज्ञानिकों के लिए यह अंतरिक्ष का "वेदर सैटेलाइट" बन चुका है। नासा ने दुनिया भर के लोगों से अपील की है कि वे वॉयजर-1 की इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए मंगलवार की शाम सूर्यास्त के बाद अपने टॉर्च या फोन की रोशनी से आसमान की तरफ मॉर्स कोड में V-G-R (वॉयजर का कॉल साइन) बनाकर रोशनी भेजें।
