3kW solar panel: बढ़ते बिजली बिल और पावर कट की समस्या से बचने के लिए लोग तेजी से सोलर पैनल की ओर रुख कर रहे हैं। लेकिन सवाल यह है कि अगर घर में 3 किलोवॉट का सोलर सिस्टम लगाया जाए, तो क्या इससे AC चलाना संभव है? आइए जानते हैं 3KW सोलर सिस्टम से कितनी बिजली बनती है, AC की खपत कितनी होती है और यह किन-किन उपकरणों को चला सकता है।
सोलर पैनल कैसे करता है काम
सोलर पैनल सूरज की रोशनी को बिजली में बदलने वाला उपकरण है। यह सौर ऊर्जा से पंखे, लाइट, टीवी, रेफ्रिजरेटर से लेकर AC तक चला सकता है। सबसे खास बात यह है कि यह प्रदूषण रहित और पर्यावरण के लिए सुरक्षित है, क्योंकि इसमें न धुआं निकलता है, न हानिकारक गैस।
3KW सोलर पैनल की बिजली क्षमता
भारत में औसतन 5-6 घंटे की अच्छी धूप मिलने पर 3 किलोवॉट का सोलर सिस्टम रोजाना 12 से 15 यूनिट बिजली पैदा कर सकता है। यह सामान्य घरेलू जरूरतों के लिए पर्याप्त है, लेकिन AC जैसे भारी बिजली खपत वाले उपकरण के लिए कुछ शर्तें लागू होती हैं।
AC की बिजली खपत और सोलर का गणित
1 टन का AC प्रति घंटे 1 से 1.2 किलोवॉट बिजली लेता है, जबकि 1.5 टन का AC 1.5 से 2 किलोवॉट। अगर दिन में 8 घंटे AC चलाना है, तो 1 टन AC 8 से 10 यूनिट और 1.5 टन AC 12 से 16 यूनिट खपत करेगा। यानी 3KW सोलर सिस्टम से 1 टन AC चल सकता है, लेकिन 1.5 टन AC के साथ अन्य उपकरण एक साथ चलाना मुश्किल होगा।
किन उपकरणों को आराम से चला सकता है 3KW सिस्टम
3 किलोवॉट सोलर सिस्टम से 1 टन AC के अलावा 4-5 पंखे, 4 ट्यूबलाइट/LED बल्ब, रेफ्रिजरेटर, टीवी, मोबाइल/लैपटॉप चार्जिंग और वाशिंग मशीन (सीमित समय के लिए) आसानी से चलाए जा सकते हैं। ज्यादा खपत वाले उपकरणों के लिए बड़ी क्षमता का सोलर सिस्टम चुनना बेहतर रहेगा।
