यात्रा

ऑफिस से लें बस 2 दिन की छुट्टी और पूरी करें वैष्णो देवी यात्रा, जानें कंप्लीट ट्रैवल प्लानिंग

बढ़ते कामकाज और बिजी लाइफस्टाइल में लोग छोटे ट्रैवल प्लान कर रहे हैं। हम आपको केवल 2 दिन का वैष्णों देवी यात्रा का प्लान बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं कैसे 2 दिन में करें माता रानी के दर्शन।

Image

वैष्णो देवी यात्रा

Vaishno Devi Yatra: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लंबी छुट्टी निकालना हर किसी के लिए आसान नहीं होता। नौकरीपेशा लोग अक्सर धार्मिक यात्राओं की योजना बनाते समय समय की कमी को सबसे बड़ी बाधा मानते हैं। ऐसे में अगर आप मां वैष्णो देवी के दर्शन करना चाहते हैं, तो खुशखबरी यह है कि केवल 2 दिन की छुट्टी लेकर भी इस पवित्र यात्रा को आसानी से पूरा किया जा सकता है। जम्मू-कश्मीर के त्रिकुट पर्वत पर स्थित मां वैष्णो देवी का दरबार देश के सबसे प्रसिद्ध तीर्थस्थलों में गिना जाता है। हर साल करोड़ों श्रद्धालु यहां माता रानी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। कटरा से भवन तक लगभग 13 किलोमीटर की चढ़ाई जरूर है, लेकिन सही प्लानिंग के साथ यह यात्रा बेहद आसान और सुविधाजनक बन सकती है। आइए जानते हैं माता रानी के दर्शन का 2 दिन का कंप्लीट ट्रैवल प्लान (Vaishno Devi Travel Guide)

2 दिन में कैसे पूरी होगी यात्रा

यदि आप दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा या आसपास के राज्यों से हैं, तो 2 दिन में वैष्णो देवी यात्रा पूरी करना बिल्कुल संभव है। इसके लिए आपको बस यात्रा की तैयारी पहले से करनी होगी। पहले दिन सुबह या दोपहर तक कटरा पहुंचें। होटल में थोड़ा आराम करने के बाद शाम के समय अपनी यात्रा शुरू करें। रात के समय पैदल मार्ग पर भीड़ अपेक्षाकृत कम रहती है, जिससे भवन तक पहुंचने में आसानी होती है। रात में मां वैष्णो देवी के दर्शन करने के बाद चाहें तो कुछ समय विश्राम करें।

दूसरे दिन सुबह भैरव बाबा के दर्शन करें। मान्यता है कि भैरवनाथ के दर्शन के बिना वैष्णो देवी यात्रा अधूरी मानी जाती है। इसके बाद दोपहर तक कटरा लौटकर अपनी ट्रेन या फ्लाइट से घर के लिए रवाना हो सकते हैं।

कटरा कैसे पहुंचें

देश के अलग-अलग हिस्सों से कटरा तक पहुंचने के लिए रेल, सड़क और हवाई तीनों सुविधाएं उपलब्ध हैं। देश के कई बड़े शहरों से कटरा के लिए सीधी ट्रेनें चलती हैं। यदि समय कम है तो जम्मू एयरपोर्ट तक फ्लाइट लेकर वहां से टैक्सी या बस के जरिए करीब 50 किलोमीटर की दूरी तय करके कटरा पहुंचा जा सकता है।

पैदल या हेलीकॉप्टर से यात्रा

कटरा से माता रानी के भवन तक का रास्ता लगभग 13 किलोमीटर लंबा है। सामान्य तौर पर श्रद्धालु इसे 5 से 7 घंटे में पूरा कर लेते हैं। वहीं यदि आप समय बचाना चाहते हैं, तो आपके लिए हेलीकॉप्टर सेवा का विकल्प भी मौजूद है। इससे आप कटरा से सांझी छत तक मिनटों में पहुंच सकते है। वहां से भवन तक लगभग ढाई किलोमीटर की दूरी पैदल तय करनी होती है।

कितना आएगा खर्च?

यदि आप वैष्णों देवी दर्शन की यात्रा बजट में करना चाहते हैं तो 2 दिन की इस यात्रा का खर्च केवल प्रति 5,000 से 8,000 रुपये प्रति व्यक्ति तक का आ सकता है। इसमें ट्रेन टिकट, होटल, भोजन और स्थानीय परिवहन शामिल है। इसके अलावा यदि आप सफर के लिए फ्लाइट और हेलीकॉप्टर का विकल्प चुनते हैं, तो इससे आपका खर्च बढ़ जाएगा।

gulshan kumar
गुलशन कुमार author

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लो... और देखें

End of Article