यात्रा

वैष्णो देवी में टेक आएं माथा, 4 दिन की है ट्रिप, ना के बराबर खर्चा

Vaishno Devi Yatra: हिंदू धर्म के सबसे पवित्र तीर्थ स्थलों में से एक वैष्णो देवी मंदिर की यात्रा करने का आपके पास सुनहरा मौका है। माता शक्ति को समर्पित इस मंदिर को लोग प्यार से माता रानी या वैष्णवी भी कहते हैं। परिवार के साथ या फिर सोलो ट्रिप पर अगर आप कम बजट में यात्रा करने के इच्छुक हैं तो आईआरसीटीसी का ये पैकेज आपके लिए ही डिजाइन किया गया है।

Image

वैष्णो देवी मंदिर की यात्रा

Vaishno Devi Online Booking: 'चलो बुलावा आया है माता ने बुलाया है' वक्त आ गया है कि अब आप सभी बहानों को टालें और परिवार के साथ या फिर अकेले ही वैष्णो देवी मंदिर की यात्रा पर निकल पड़ें। बजट को लेकर भी आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है क्योंकि भारतीय रेलवे की सहायक कंपनी आईआरसीटीसी ने 'MATA VAISHNODEVI EX DELHI' नाम से नया टूर पैकेज लॉन्च कर दिया है जिसके तहत आप बिना किसी टेंशन के इस पवित्र यात्रा को कर सकेंगे। 4 दिन की ये ट्रिप रहने वाली है जिसमें ट्रेन में 2 रातें और कटरा के होटल में 1 रात का स्टे आपके लिए फिक्स किया जाएगा।

इस पावन यात्रा की शुरुआत नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से होगी। रात 20:40 बजे राजधानी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12425) से जम्मू के लिए रवाना होना है। रातभर की ट्रेन यात्रा होगी। सुबह करीब 5 बजे जम्मू रेलवे स्टेशन पर पहुंचने के बाद आपको कटरा तक नॉन-एसी गाड़ी से ले जाया जाएगा। रास्ते में सरस्वती धाम पर रुककर यात्रा पर्ची ली जाएगी, जो दर्शन के लिए जरूरी होती है।

कटरा पहुंचकर होटल में चेक-इन करें और नाश्ते का लुत्फ उठाएं। इसके बाद आपको बाणगंगा तक ड्रॉप किया जाएगा जहां से माता वैष्णो देवी की चढ़ाई शुरू होती है। आप आराम से चढ़ाई करते हुए माता के दर्शन करेंगे। शाम तक वापस होटल में वापसी होगी जहां डिनर और रात का स्टे आपका फिक्स किया गया है।

अगले दिन सुबह नाश्ता के बाद थोड़ा फ्री टाइम आपको मिलेगा। दोपहर 12 बजे होटल से चेक-आउट किया जाएगा और लंच के बाद करीब 14:00 बजे जम्मू के लिए रवाना होना है। रास्ते में कंद कंदोली मंदिर, रघुनाथ जी मंदिर और बाग-ए-बाहू गार्डन की यात्रा भी आप कर सकेंगे। शाम करीब 18:30 बजे जम्मू रेलवे स्टेशन पर आपको ड्रॉप किया जाएगा। जहां से रात 21:25 बजे राजधानी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12426) से वापस दिल्ली आपको छोड़ा जाएगा।

कंफर्ट 3AC में सिंगल शेयरिंग में ये ट्रिप आपको 10770 रुपए में पड़ेगी। डबल और ट्रिपल शेयरिंग में प्रति व्यक्ति किराया क्रमश: 8100 और 6990 रुपए तय किया गया है। 5 से 11 साल तक के बच्चे के लिए किराया 6320 रुपए है। इस पैकेज का कोड NDR01 है। आईआरसीटीसी की वेबसाइट या फिर मोबाइल एप्प के जरिए आप पैकेज की बुकिंग कर सकते हैं। ज्यादा जानकारी के लिए आप इन नंबरों पर- 9717648888,8287930712,8287930620 संपर्क कर सकते हैं।

prabhat sharma
प्रभात शर्मा author

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–... और देखें

End of Article