Travel Essentials: थोड़ा बहुत घूमने-फिरने के बाद, आपको अपना सामान पैक करने और एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन पर क्या करना है, इसका अच्छा खासा अनुभव हो जाता है। सरल शब्दों में समझें तो आप जितना ज्यादा घूमते हैं, उतने ही बेहतर होते जाते हैं। लेकिन, यात्रा का मजा तब तक ही होता है जब तक आप अचानक बीमार नहीं पड़ जाते जो कि घूमने-फिरने के दौरान एक आम बात है।
यात्रा के दौरान बीमार पड़ने का कारण अक्सर हवा, पानी या खाने में बदलाव ही होता है। ऐसी चीजें जिनसे निपटने के लिए घर पर मौजूद आपकी दवाइयों का बॉक्स काफी होता है। अचानक सिर दर्द, पेट खराब या तबीयत बिगड़ने जैसी परेशानी पूरी ट्रिप का मजा खराब ना कर दे इसलिए कुछ बेसिक दवाइयां हमेशा अपने ट्रैवल बैग में रखना समझदारी है।
सफर पर निकलने से पहले बैग में जरूर रखें ये SOS दवाइयां
1. दर्द और बुखार के लिए पेनकिलर
सफर में सिर दर्द, शरीर में दर्द या हल्का बुखार कभी भी हो सकता है। ऐसे में पैरासिटामोल जैसी ओवर-द-काउंटर दवा तुरंत राहत देने में मदद कर सकती है। इसे ट्रैवल किट में रखना काफी काम आ सकता है।
2. डिहाइड्रेशन से बचने के लिए ORS
यात्रा के दौरान खासकर फ्लाइट या लंबी जर्नी में शरीर में पानी की कमी हो सकती है। भागदौड़, कम पानी पीना और थकान की वजह से डिहाइड्रेशन हो सकता है। ऐसे में ORS के पैकेट साथ रखना फायदेमंद रहता है।
3. पेट खराब होने पर काम आएगी दवा
यात्रा के दौरान कई बार अलग तरह का खाना पेट को सूट नहीं करता और पेट खराब, गैस या दस्त जैसी समस्या हो सकती है। ऐसी स्थिति से निपटने के लिए बेसिक पेट दर्द की दवा जरूर रखें।
4. अपच और कब्ज के लिए रखें तैयारी
सफर में खाने का समय बदल जाता है, जिसकी वजह से अपच या कब्ज की परेशानी हो सकती है। इसके लिए जरूरी दवाइयां साथ रखना बेहतर होता है, ताकि परेशानी बढ़ने से पहले राहत मिल सके।
5. एलर्जी के लिए एंटीहिस्टामिन
नई जगह का मौसम, धूल-मिट्टी या वातावरण कई बार एलर्जी की वजह बन सकता है। छींक आना, खुजली, सूजन या त्वचा पर रैश जैसी समस्या के लिए एंटीएलर्जिक दवाएं काम आ सकती हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: ऋषिकेश के पास बसा है स्वर्ग जैसा हिल स्टेशन, भट की दाल और पहाड़ी व्यंजन के लिए है फेमस
6. मोशन सिकनेस की दवा
बहुत से लोगों को कार, बस, पहाड़ी रास्तों या नाव में सफर करते समय चक्कर और उल्टी जैसा महसूस होता है। इसे मोशन सिकनेस कहते हैं। खासकर पहाड़ों की यात्रा में इसकी दवा साथ रखना काफी मददगार हो सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: ऊटी या दार्जिलिंग-2026 की गर्मी में कहां जाएं घूमने, कौन सी जगह है असली पहाड़ों की रानी
7. सर्दी-जुकाम के लिए बेसिक चीजें
सफर के दौरान मौसम बदलने से सर्दी, गले में खराश या खांसी की समस्या हो सकती है। इसलिए गले की टॉफी, कफ सिरप या नाक के स्प्रे जैसी चीजें ट्रैवल किट में रखना अच्छा रहता है।
