दुनिया में ऐसी कई जगहें हैं जो पहली नजर में किसी जादू से कम नहीं लगतीं। कहीं आसमान को छूते पहाड़ हैं तो कहीं नीले पानी वाली झीलें, लेकिन कुछ स्थान ऐसे भी हैं जो प्रकृति के भ्रम और सुंदरता का अद्भुत संगम पेश करते हैं। डेनमार्क के Faroe Islands में मौजूद Sørvágsvatn Lake ऐसी ही एक जगह है। यह झील दुनिया भर के टूरिस्ट्स और फोटोग्राफरों के बीच बेहद लोकप्रिय है क्योंकि तस्वीरों में यह समुद्र के ऊपर बहती हुई दिखाई देती है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - मानसून रोड ट्रिप के लिए बेस्ट हैं भारत के ये रूट
पहली बार देखने वाला व्यक्ति अक्सर यही सोचता है कि आखिर झील समुद्र के ऊपर कैसे हो सकती है। यही वजह है कि हर साल हजारों पर्यटक इस अनोखे नजारे को देखने Faroe Islands पहुंचते हैं। अगर आपको कभी डेनमार्क या उत्तरी यूरोप घूमने का मौका मिले, तो इस जगह को अपनी ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल करें।
आखिर क्या है इस झील की खासियत?
Sørvágsvatn Faroe Islands की सबसे बड़ी झील मानी जाती है। एक खास ऊंचाई और एंगल से देखने पर ऐसा लगता है कि झील समुद्र से सैकड़ों फीट ऊपर हवा में तैर रही है। जबकि वास्तव में झील और समुद्र के बीच ऊंची चट्टानें मौजूद हैं। इस झील की लोकप्रियता का सबसे बड़ा कारण इसका ऑप्टिकल इल्युजन है। आसपास की पहाड़ियों और चट्टानों की बनावट ऐसी है कि तस्वीरों में झील और समुद्र के बीच की दूरी नजर ही नहीं आती। यही वजह है कि, इस जगह को देखने दूर दूर से लोग आते हैं।
झील से समुद्र तक गिरता है झरना
झील का पानी आगे जाकर एक खूबसूरत झरने के रूप में समुद्र में गिरता है। इस झरने को देखने के लिए भी पर्यटक बड़ी संख्या में यहां आते हैं। समुद्र, पहाड़ और झरने का यह संगम बेहद मनमोहक दृश्य बनाता है।
ट्रेकिंग प्रेमियों के लिए स्वर्ग
अगर आपको ट्रेकिंग पसंद है, तो यह जगह आपके लिए किसी सपने जैसी हो सकती है। झील तक पहुंचने के लिए 40 मिनट की हाइक, जहां चलते हुए हर मोड़ पर अलग-अलग प्राकृतिक दृश्य देखने को मिलते हैं। बेशक ही ये हाइक आपके जीवन की सबसे सुंदर हाइक हो सकती है।
मई से सितंबर के बीच का समय यहां घूमने के लिए सबसे अच्छा माना जाता है। इस दौरान मौसम सुहावना रहता है और ट्रेकिंग का आनंद भी आसानी से लिया जा सकता है। जो लोग प्रकृति के बीच शांति, रोमांच और कुछ अनोखा देखना चाहते हैं, उनके लिए Faroe Islands एक बेहतरीन विकल्प है।
