Puducherry Travel Guide: आप सुकून के साथ ही यूनीक ट्रैवल डेस्टिनेशन की तलाश में हैं तो फिर पुद्दुचेरी (Puducherry) आपकी ट्रैवल बकेटलिस्ट में शामिल हो सकता है। समुद्र की लहरों की आवाज, फ्रेंच स्टाइल की इमारतें, रंग-बिरंगी गलियां और कैफे की खुशबू पुद्दुचेरी की पहचान है जो इसे बेहद स्पेशल ट्रैवल डेस्टिनेशन बनाती है। अगर आपके पास ज्यादा समय नहीं है फिर भी आप इस खूबसूरत शहर को एक्सप्लोर कर सकते हैं। आइए जानते हैं कि पुद्दुचेरी में एक दिन कैसे यादगार बनाया जा सकता है।
सुबह की शुरुआत करें प्रोमेनेड बीच से
प्रोमेनेड बीच पुद्दुचेरी के प्रमुख आकर्षणों में से एक है ऐसे में पुद्दुचेरी की सुबह देखने का सबसे अच्छा तरीका प्रोमेनेड बीच है। सूरज की पहली किरणों के साथ समुद्र का नजारा आपकी ट्रिप को यादगार बना देगा। समुद्र की हवा का आनंद लेते हुए आप यहां वॉक कर सकते हैं। अगर आपको फोटोग्राफी पसंद है तो ये जगह आपके कैमरे के लिए परफेक्ट है।
फ्रेंच कॉलोनी की गलियों में खो जाइए
फ्रेंच कॉलोनी पुद्दुचेरी की सबसे बड़ी पहचान है। यहां की पीली, सफेद और खूबसूरत इमारतें आपको यूरोप के किसी शहर में घूमने का एहसास करा देंगी। गलियों में धीरे-धीरे चलना, पुराने घरों को देखना और छोटे-छोटे कैफे में बैठना अपकी यात्रा में चार चांद लगा देगा। अगर आप सोलो ट्रिप पर हैं तो भी फ्रेंच कॉलोनी की गलियों को ट्रैवल बकेटलिस्ट में शामिल कर सकते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: ऋषिकेश के पास बसा है स्वर्ग जैसा हिल स्टेशन, भट की दाल और पहाड़ी व्यंजन के लिए है फेमस
कैफे कल्चर और लोकल खाने का स्वाद लें
कैफे कल्चर और लोकल खाने का स्वाद नहीं लिया तो आपकी पुद्दुचेरी की यात्रा काफी हद तक अधूरी ही रह जाएगी। यहां के कैफे में आपको फ्रेंच और साउथ इंडियन स्वाद का शानदार कॉम्बिनेशन देखने को मिल जाएगा। किसी खूबसूरत कैफे में बैठकर कॉफी पीना और आसपास का माहौल महसूस करना आपको सुकून का एहसास दिला देगा। यहां आप डोसा, सीफूड, फ्रेंच पेस्ट्री जरूर ट्राय करें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: ऊटी या दार्जिलिंग-2026 की गर्मी में कहां जाएं घूमने, कौन सी जगह है असली पहाड़ों की रानी
श्री अरबिंदो आश्रम में पाएं शांति और ऑरोविले की दुनिया को करीब से देखें
अगर आप कुछ शांत पल बिताना चाहते हैं तो श्री अरबिंदो आश्रम जरूर जाएं। शांति और सकारात्मक माहौल के लिए ये जगह जानी जाती है। इसके अलावा पुद्दुचेरी के पास स्थित ऑरोविले जाना ना भूलें। यह एक ऐसी जगह है जो अपनी अलग सोच और शांत वातावरण के लिए मशहूर है। यहां का गोल्डन ग्लोब जैसा दिखने वाला मातृमंदिर सबसे बड़ा आकर्षण है।
