Panbari Resort Kaziranga: असम के काजीरंगा नेशनल पार्क और टाइगर रिजर्व की बात करें तो सबसे पहले दिमाग में यहां के खास एक सींग वाले गेंडे और बाघ ध्यान में आते हैं लेकिन इसकी खूबसूरती और खासियत केवल इन्हीं जानवरों तक सीमित नहीं है। यह नेशनल पार्क चिड़ियों के लिए भी जाना जाता है। प्रवासी और घरेलू दोनों ही तरह के चिड़ियों के इस घर में करीब एक लाख जलीय पक्षी भी हैं। जो इसे पक्षी प्रेमियों का स्वर्ग बनाते हैं। पनबारी, जो कभी पक्षी प्रेमियों और प्रकृति प्रेमियों के लिए जन्नत जैसी जगह था, 2009 से बंद था, 2022 में कुछ समय के लिए फिर से खोले जाने के बाद फिर बंद कर दिया गया था लेकिन हाल ही में इसे फिर से खोल दिया गया है। आइए जानते हैं यहां क्या खास है।
पनबारी रिजर्व फॉरेस्ट में क्या खास है
करीब 1,300 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र में फैले काजीरंगा नेशनल पार्क को बिग फाइव के लिए जाना जाता है, जिसमें गैंडे, एशियाई हाथी, रॉयल बंगाल टाइगर, जंगली भैंस और सैम्प हिरण आते हैं। लेकिन अब ये चिड़ियों की वजह से और भी खास हो गया है। पनबारी लगभग 300 प्रजातियों के पक्षियों का घर है, जिनमें एशियाई फेयरी-ब्लूबर्ड, ग्रेट इंडियन हॉर्नबिल, जेरडॉन्स बाजा, ब्लैक बाजा, पाइड फाल्कोनेट, रूबी-चीक्ड सनबर्ड, सुल्तान टिट, व्हाइट-थ्रोटेड बुलबुल, ब्लैक-नेप्ड मोनार्क, ब्लू-नेप्ड पिट्टा के साथ-साथ तितलियों की 400 से अधिक प्रजातियां हैं।
कैसे जाएं पनबारी रिजर्व फॉरेस्ट
अब चूंकि आपके पास काजीरंगा नेशनल पार्क जाने का एक और बहाना मिल गया है, तो आइए हम बताते हैं कि यहां कैसे जाएं।
हवाई मार्ग से जाना चाहते हैं तो आप जोरहाट हवाई अड्डा की फ्लाइट ले सकते हैं, जो काजीरंगा नेशनल पार्क से करीब 96 किलोमीटर दूर है। ट्रेन के जरिए जाना हो तो पार्क से सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन फरकाटिंग जंक्शन मुश्किल से दो घंटे ड्राइव की दूरी पर है। सड़क मार्ग से यात्रा करने के लिए, सबसे पहले जोरहाट या गुवाहाटी पहुंचें और फिर पार्क तक पहुंचने के लिए टैक्सी या बस का सहारा लिया जा सकता है।
