Chhatron Ki Goonj: तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के बेटे केटी रामा राव (KTR) ने शनिवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को हैदराबाद आने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि क्या आपको तेलंगाना के छात्रों की आवाज नहीं सुनाई दे रही है। आप हैदराबाद आइये, हम आपको बिरयानी खिलाएंगे और आपकी खातिरदारी करेंगे। आप हमारे छात्रों से बात करिए।
राहुल गांधी पर बरसे KTR
बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटीआर ने करीमनगर में एक सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी को तेलंगाना आकर छात्रों की आवाज सुनने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि आपके मुख्यमंत्री (रेवंत रेड्डी) ने कितनी बर्बादी की है, आपको समझ नहीं आता है क्या?
केटीआर ने कहा, ''राहुल गांधी, क्या आपको यहां के छात्रों की आवाज नहीं सुनाई दे रही है? कितना आक्रोश और गुस्सा है। आपके मुख्यमंत्री ने कितनी बर्बादी की? आपको समझ नहीं आता है क्या? आपको एहसास नहीं है कि तेलंगाना में क्या हो रहा है... आइये तेलंगाना... पूरी खातिरदारी करेंगे। बिरयानी खिलाएंगे, हिरानी चाय पिलाएंगे, बिस्कुट भी हम खिलाएंगे। आप आकर हमारे छात्रों से बात करिए। आपको पता चलेंगे आपकी हुकूमत किस कदर काम कर रही है।''
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: दिल्ली में 4 दिन ट्रैफिक रहेंगी पाबंदियां! भारत मंडपम के आसपास बढ़ी सुरक्षा; घर से निकलने से पहले देख लें एडवाइजरी
छात्रों की गूंज कार्यक्रम
सनद रहे कि छात्रों की गूंज कार्यक्रम राहुल गांधी द्वारा शुरू किया गया एक राष्ट्रव्यापी छात्र और युवा आंदोलन है। जिसके जरिए कांग्रेस पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों और 2029 के लोकसभा चुनावों से पहले छात्रों और जेन जी मतदाताओं तक अपनी पहुंच स्थापित करने की कोशिश में जुटी हुई है।राहुल गांधी ने 17 जून को राजस्थान के कोटा में छात्रों की गूंज कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद देहरादून, प्रयागराज और पुणे में कार्यक्रम आयोजित किया गया और अब 19 सितंबर को इंदौर में अगला सत्र आयोजित होने वाला है।
