यात्रा

Janmashtami 2026 पर दिल्ली के इन 5 मंदिरों में करें कान्हा के दर्शन, जहां दिखेगी मथुरा-वृंदावन जैसी रौनक

Janmashtami 2026: इस जन्माष्टमी दिल्ली में मथुरा-वृंदावन नहीं जा पा रहे हैं, तो आपको दिल्ली के इन पांच प्रमुख कृष्ण मंदिरों के दर्शन करने चाहिए। जहां आपको भक्ति और भव्यता का अनोखा संगम देखने को मिलेगा।

Image

दिल्ली के 5 प्रसिद्ध कृष्ण मंदिर

Janmashtami 2026: कृष्ण जन्माष्टमी सिर्फ एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि भक्ति, संगीत, सजावट और उत्सव का ऐसा संगम है, जब मंदिरों से लेकर शहर की गलियों तक कृष्णमय माहौल नजर आने लगता है। इस साल जन्माष्टमी 4 सितंबर 2026, शुक्रवार को मनाई जाएगी। दिल्ली में भी इस मौके पर कई मंदिरों में विशेष पूजा, झांकियां, कीर्तन और मध्यरात्रि जन्मोत्सव की तैयारियां हैं। अगर आप इस जन्माष्टमी पर मथुरा-वृंदावन जैसी रौनक के बीच कान्हा के दर्शन करना चाहते हैं, तो दिल्ली के इन पांच मंदिरों (Krishna Temples in Delhi) को अपनी ट्रैवल लिस्ट में शामिल कर सकते हैं।

1. इस्कॉन मंदिर, ईस्ट ऑफ कैलाश

जन्माष्टमी के लिए दिल्ली का सबसे लोकप्रिय ठिकाना ISKCON Temple Delhi माना जाता है। यहां श्री श्री राधा पार्थसारथी मंदिर में पूरा दिन धार्मिक कार्यक्रम चलते हैं। 108 कलशों से महाभिषेक, कीर्तन, आरती, कृष्ण लीला और मध्यरात्रि जन्मोत्सव इस दिन के प्रमुख आकर्षण हैं। मंदिर के मुताबिक 4 सितंबर को यहां विशेष जन्माष्टमी महोत्सव आयोजित होगा।

2. इस्कॉन मंदिर, द्वारका

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में रहने वालों के लिए ISKCON Temple Dwarka एक शानदार विकल्प है। राधा-कृष्ण भक्ति, भजन-कीर्तन और विशेष धार्मिक कार्यक्रमों के कारण जन्माष्टमी पर यहां भक्तों की अच्छी-खासी भीड़ जुटती है। यहां जाना उन यात्रियों के लिए सुविधाजनक रहेगा जो शहर के दूसरे हिस्सों में लंबी यात्रा किए बिना उत्सव का हिस्सा बनना चाहते हैं।

3. इस्कॉन मंदिर, पंजाबी बाग

पश्चिमी दिल्ली में जन्माष्टमी का माहौल देखना हो तो ISKCON Temple Punjabi Bagh को भी सूची में रखा जा सकता है। राधा-कृष्ण की भक्ति, मंदिर की सजावट, भजन और विशेष पूजा इस जगह को उत्सव के दौरान खास बनाते हैं। आप यहां 4 सितंबर के दिन दर्शन के लिए जा सकते हैं।

4. बिरला मंदिर, दिल्ली

दिल्ली के दिल में स्थित Laxminarayan Temple यानी बिरला मंदिर धार्मिक और स्थापत्य दोनों लिहाज से खास है। जन्माष्टमी के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ जाती है और कृष्ण जन्मोत्सव का वातावरण देखने को मिलता है। अगर आप धार्मिक दर्शन के साथ दिल्ली के ऐतिहासिक मंदिरों की सैर करना चाहते हैं, तो यह जगह आपकी यात्रा में आसानी से शामिल हो सकती है।

5. अक्षरधाम मंदिर, दिल्ली

Swaminarayan Akshardham दिल्ली घूमने वालों के लिए वैसे भी प्रमुख आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आकर्षण है। जन्माष्टमी के आसपास यहां कृष्ण से जुड़े धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों का अनुभव लिया जा सकता है। मंदिर की भव्य वास्तुकला और शांत वातावरण आपकी धार्मिक यात्रा को एक अलग अनुभव दे सकता है।

नोट - इस बार जन्माष्टमी का पर्व 4 सितंबर (शुक्रवार) के दिन है और दिल्ली में मध्यरात्रि पूजा का समय लगभग रात 11:57 बजे से 12:43 बजे तक रहेगा। इसलिए अगर आप रात के जन्मोत्सव में शामिल होने की योजना बना रहे हैं तो मंदिर की एंट्री, पार्किंग और भीड़ से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी पहले ही देख लें।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article