Patna University Bomb Blast: बिहार की राजधानी पटना स्थित प्रतिष्ठित पटना विश्वविद्यालय में शिक्षक दिवस के दिन एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जब पूरा विश्वविद्यालय शिक्षक दिवस के जश्न में डूबा था, उसी दौरान ज्योग्राफी डिपार्टमेंट (भूगोल विभाग) की पार्किंग में अचानक एक जोरदार देसी बम का धमाका हुआ। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि पूरे कैंपस में हड़कंप मच गया और छात्रों व शिक्षकों के बीच अफरातफरी की स्थिति बन गई।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय परिसर के ठीक पास से गुजर रहे नए डबल डेकर पुल के ऊपर से किसी अज्ञात असामाजिक तत्व ने ज्योग्राफी डिपार्टमेंट की पार्किंग की तरफ यह बम फेंका था। गनीमत यह रही कि जिस वक्त यह धमाका हुआ, उस वक्त पार्किंग एरिया में कोई छात्र या कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: सीजफायर के बाद भी सुलग रहा लेबनान! 'अली ताहेर' की पहाड़ी पर इजराइल-हिजबुल्लाह फिर आमने-सामने
पुलिस ने पूरे इलाके को किया सील
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पीरबहोर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर दिया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से बम के अवशेष और नमूने एकत्र कर अपनी जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा पुलिस कैंपस और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही है ताकि बम फेंकने वाले का सुराग लगाया जा सके।
असिस्टेंट प्रॉक्टर प्रोफेसर क्या बोले?
पटना विश्वविद्यालय के असिस्टेंट प्रॉक्टर प्रोफेसर उदय शंकर ने बताया कि घटना के समय विभाग में शिक्षक दिवस का कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा था। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस हादसे में कोई भी घायल नहीं हुआ है। साथ ही उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यदि जांच में विश्वविद्यालय के किसी भी छात्र की संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उसे तुरंत विश्वविद्यालय से निष्कासित कर दिया जाएगा।
वहीं, पीरबहोर थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि पुलिस को अहम सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। शुरुआती जांच से साफ हुआ है कि बम पुल के ऊपर से ही परिसर में फेंका गया था। पुलिस जल्द ही आरोपियों को पहचान कर गिरफ्तार कर लेगी।
