Kasol Travel Guide In Hindi: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में स्थित कसोल एडवेंचर के शौकीन लोगों के लिए स्वर्ग से कम नहीं है। रिवर साइड कैंपिंग से लेकर ट्रैकिंग तक आप यहां कर सकते हैं। समुद्रतल से लगभग 1,580 मीटर की ऊंचाई पर स्थित कसोल सुंदर और शांत हिल स्टेशन है। अगर आप शांति की तलाश में हैं तो फिर आपको मिनी इजराइल के नाम से फेमस कसोल की यात्रा बकेटलिस्ट में जरूर शामिल करनी चाहिए। कैसे पहुंचें, घूमने की जगहें, खाने-पीने के विकल्प कसोल का एक पूरा यात्रा गाइड आपको यहां बताया गया है।
कसोल में घूमने लायक स्थान: मनिकरण साहिब (4 किमी), तोष गांव, खीरगंगा ट्रेक, चलाल गांव, रशी, पुलगा और कालगा कसोल में घूमने लायक प्रमुख स्थान हैं। यहां कई लोकप्रिय कैफे और खानपान के भी स्थान हैं जो इजराइली, इटालियन और कॉन्टिनेंटल खाने लिए फेमस हैं यहां आप एक्सप्लोर करने के लिए जा सकते हैं।
कसोल जाने का बेस्ट टाइम: अगर आप गर्मी में जाने का प्लान कर रहे हैं तो फिर मार्च से जून के बीच यात्रा कर सकते हैं। इस दौरान ट्रैकिंग के लिए उत्तम समय होता है और मौसम भी सुहावना होता है। बर्फबारी के शौकीनों के लिए दिसंबर से फरवरी का महीना स्वर्ग है। वहीं अगर आप कम भीड़ में एन्जॉय करना चाहते हैं तो फिर आपको अक्टूबर से नवंबर के बीच यात्रा करनी चाहिए।
कहां ठहरें: अगर आप बजट में ठिकाने की तलाश में हैं तो फिर हॉस्टलर कसोल या फिर पार्वती कुटीर का रुख कर सकते हैं। इसके अलावा आपको यहां तमाम मिड रेंज और लक्जरी या इको-स्टे के ऑपशन मिल जाएंगे।
कैसे पहुंचें कसोल: जोगिंदर नगर (145 किमी) या पठानकोट (300 किमी) इसके निकटतम रेलवे स्टेशन है। रेलवे स्टेशन पहुंचकर बस या टैक्सी द्वारा कसोल पहुंचा जा सकता है। भुंतर इसके निकटतम एयरपोर्ट है। भुंतर से टैक्सी या लोकल बस के माध्यम से भी कसौल पहुंचा जा सकता है। नियमित वोल्वो और हिमाचल रोडवेज की बसों के माध्यम से भी आप कसोल पहुंच सकते हैं।
