यात्रा

मणिपुर जाएं तो इस फ्लोटिंग होमस्टे में जरूर बिताएं रात, फेमस ट्रैवल इन्फ्लुएंसर ने क्यों दी ये सलाह

यहां ठहरना किसी आलीशान होटल में रहने से ज्यादा प्रकृति के करीब रहने जैसा है। पानी की हलचल, खुला आसमान और आसपास तैरते फुमदी इस अनुभव को और खास बना देते हैं।

Image

ट्रैवल क्रिएटर सायन नाथ ने लोकटक झील पर मौजूद एक फ्लोटिंग होमस्टे का वीडियो शेयर किया है।

अगर आपको ऐसी जगहों पर घूमना पसंद है, जहां पहुंचते ही लगे कि आप किसी फिल्म के सेट पर आ गए हैं, तो मणिपुर की यह जगह आपको हैरान कर सकती है। ट्रैवल क्रिएटर सायन नाथ ने लोकटक झील पर मौजूद एक फ्लोटिंग होमस्टे का वीडियो शेयर किया है। उन्होंने इसे दुनिया की सबसे अनोखी जगहों में से एक बताया।

यह कोई सामान्य झील किनारे बना होटल या रिसॉर्ट नहीं है। यहां आपको पानी के बीच मौजूद ठहरने का अनुभव मिलता है। सुबह आंख खुले तो सामने चारों तरफ फैला पानी और मणिपुर की प्राकृतिक खूबसूरती दिखाई देती है।

पानी पर तैरती दुनिया

लोकटक झील सिर्फ अपने आकार के लिए मशहूर नहीं है। इसकी सबसे खास पहचान यहां दिखाई देने वाली फुमदी हैं। फुमदी वनस्पति, मिट्टी और जैविक पदार्थों से बने तैरते हुए भू-भाग होते हैं। ये झील की सतह पर तैरते दिखाई देते हैं और लोकटक के पूरे नजारे को बेहद अलग रूप देते हैं। यही वजह है कि यहां का नजारा देश की दूसरी झीलों से बिल्कुल अलग नजर आता है।

फ्लोटिंग होमस्टे का अनुभव इसी अनोखे पर्यावरण के बीच मिलता है। यहां ठहरना किसी आलीशान होटल में रहने से ज्यादा प्रकृति के करीब रहने जैसा है। पानी की हलचल, खुला आसमान और आसपास तैरते फुमदी इस अनुभव को और खास बना देते हैं।

ट्रैवल कंटेंट क्रिएटर ने क्यों बताया अनोखा?

ट्रैवल कंटेंट क्रिएटर सायन नाथ अक्सर भारत की कम चर्चित और असामान्य जगहों को अपने सोशल मीडिया कंटेंट के जरिए सामने लाते हैं। मणिपुर का यह फ्लोटिंग होमस्टे भी उनकी ऐसी ही खोजों में शामिल है।

वैसे भी मणिपुर का लोकटक राज्य के प्राकृतिक और सांस्कृतिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। झील के आसपास रहने वाले समुदायों की जिंदगी लंबे समय से इसके पानी और संसाधनों से जुड़ी रही है। इसलिए यहां जाना पूर्वोत्तर भारत की एक अलग जीवनशैली को करीब से देखने का अनुभव भी हो सकता है।

सुबह का नजारा कर देगा हैरान

कल्पना कीजिए कि आप किसी होटल की खिड़की खोलते हैं और सामने कोई व्यस्त सड़क नहीं, बल्कि शांत झील दिखाई देती है। सूरज की रोशनी पानी पर पड़ रही है। आसपास तैरते फुमदी हैं और दूर तक हरियाली नजर आ रही है। यही वह अनुभव है, जो इस फ्लोटिंग होमस्टे को सामान्य होटल से अलग बनाता है।

सायन नाथ के कंटेंट में भी लोकटक की यही प्राकृतिक खूबसूरती दिखाई देती है। मणिपुर की इस झील का आकर्षण यहां मौजूद तैरते द्वीप और आसपास का प्राकृतिक वातावरण इसे बेहद अनोखा बनाते हैं। यहां पहुंचकर आपको किसी पर्यटन स्थल को सिर्फ कुछ घंटों के लिए देखने के बजाय पानी के बीच रहकर उसे महसूस करने का मौका मिलता है।

तो अगर आपकी ट्रेवल लिस्ट में मणिपुर है तो लोकटक झील जरूर जाएं। यहां की प्रकृति, फुमदी और स्थानीय जीवन को समझने की कोशिश करें। और अगर अपने टूर को जीवनभर के लिए यादगार बनाना है तो इस फ्लोटिंग होमस्टे को एक्सपीरियंस करना ना भूलें।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article