Japan Tour Package: भारतीय रेलवे की सहायक कंपनी आईआरसीटसी ने आपके लिए बेहद ही शानदार इंटरनेशनल टूर पैकेज लॉन्च कर दिया है। इस पैकेज के तहत आपको जापान घूमने का मौका मिल रहा है। टोक्यो की चमक, माउंट फूजी की खूबसूरती, क्योटो की संस्कृति और हिरोशिमा का इतिहास सबकुछ आपको इस पैकेज के जरिए देखने को मिल जाएगा। इस सफर की शुरुआत मुंबई से होगी और करीब 10 दिनों में जापान की कई मशहूर जगहों को एक्सप्लोर किया जाएगा। 25 अक्टूबर को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सफर शुरू होगा। शाम की फ्लाइट से टोक्यो के लिए उड़ान भरी जाएगी। रात का सफर पूरा करने के बाद अगले दिन जापान पहुंचेंगे।
टोक्यो की चमक और संस्कृति
26 अक्टूबर को टोक्यो पहुंचने के बाद गाइड आपका स्वागत करेगा। इसके बाद डिजिटल आर्ट के लिए मशहूर टीमलैब प्लैनेट्स देखा जाएगा और उएनो पार्क की सैर होगी। अगले दिन सेंसो-जी मंदिर, नाकामिसे स्ट्रीट और टोक्यो स्काईट्री घूमने का मौका मिलेगा। इसके बाद अकिहाबारा की रंगीन दुनिया और शिबुया क्रॉसिंग का अनुभव किया जाएगा। अगले दिन टोक्यो से निकलकर माउंट फूजी क्षेत्र पहुंचेंगे। मौसम साथ रहा तो फूजी की 5वीं स्टेशन तक जाने का मौका मिलेगा। इसके बाद हकोने रोपवे से ज्वालामुखीय घाटी के नजारे देखेंगे और लेक आशी में क्रूज का आनंद लेंगे।
क्योटो, नारा और ओसाका
इसके बाद अगला पड़ाव क्योटो और ओसाका रहेगा। रास्ते में नागोया में टोयोटा म्यूजियम या रेलवे पार्क देखा जाएगा। क्योटो में अराशियामा बांस वन, गोल्डन पवेलियन और समय मिलने पर फुशिमी इनारी के हजारों लाल टोरी गेट देखने को मिलेंगे। नारा में हिरनों के बीच घूमने और टोडाई-जी मंदिर के विशाल बुद्ध प्रतिमा के दर्शन का मौका मिलेगा। ओसाका में विशाल एक्वेरियम भी देखा जाएगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: गुफा के भीतर विराजमान हैं भगवान शिव, जानिए क्यों खास है श्री केशवनाथेश्वर मंदिर की यात्रा
हिरोशिमा और मियाजिमा
शिन-ओसाका से बुलेट ट्रेन द्वारा हिरोशिमा पहुंचेंगे। यहां एटॉमिक बॉम्ब डोम, पीस मेमोरियल पार्क और म्यूजियम का दौरा होगा। इसके बाद फेरी से मियाजिमा द्वीप जाएंगे, जहां समुद्र में खड़ा मशहूर तैरता टोरी गेट और इत्सुकुशिमा श्राइन देखने को मिलेगा। अगले दिन शिंकानसेन से टोक्यो लौटेंगे। यहां पारंपरिक सूमो शो, ओदाइबा और विशाल गुंडम प्रतिमा देखने का मौका मिलेगा। 3 नवंबर को नाश्ते के बाद एयरपोर्ट के लिए रवाना होकर मुंबई की वापसी होगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: भारत में बढ़ रहा है Second City Tourism का ट्रेंड, जानें क्यों बदल रही है घूमने की सोच
खर्चा और बुकिंग से रिलेटेड जानकारी
अगर आप सोलो ट्रिप पर जाने के इच्छुक हैं तो सिंगल ट्रिप के लिए आपको 4,14,770 रुपए में ये पैकेज पड़ेगा। डबल और ट्रिपल शेयरिंग में प्रति व्यक्ति किराया 3,36,200 रुपए तय किया गया है। इस पैकेज का कोड- WMO054 है। आईआरसीटसी की वेबसाइट पर जाकर आप पैकेज की बुकिंग कर सकते हैं। इस टूर पैकेज का नाम- 'JAPAN THE GOLDEN ROUTE WITH HIROSHIMA' है। ज्यादा जानकारी के लिए आप इस नंबर पर- 8287931886 संपर्क कर सकते हैं।
