शहर

मयूरभंज के उदला मेडिकल में हादसा, एंबुलेंस में लगी आग; ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से 1 मरीज की मौत

ओडिशा के मयूरभंज स्थित उदला मेडिकल परिसर में खड़ी एक निजी एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलेंडर ब्लास्ट से एक मरीज की मौत हो गई। इस हादसे में दो लोग घायल हो गए।

Image

उदला मेडिकल में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से 1 मरीज की मौत

मयूरभंज : जिले से एक बड़ी और दर्दनाक खबर सामने आई है। उदला मेडिकल परिसर में खड़ी एक निजी एंबुलेंस में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि एंबुलेंस के अंदर मौजूद ऑक्सीजन सिलेंडर में कथित तौर पर जोरदार विस्फोट हो गया। बताया जा रहा है कि इस हादसे में एक मरीज की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतक की पहचान कुंडाबाई इलाके के रहने वाले सुयश कुमार बारिक के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, एंबुलेंस में अचानक आग लगने के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में आग ने एंबुलेंस को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। इसी दौरान एंबुलेंस में रखे ऑक्सीजन सिलेंडर के फटने की सूचना है।

किसकी हुई मौत

हादसे में सुयश कुमार बारिक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को और फैलने से रोक लिया गया।

फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। ऑक्सीजन सिलेंडर में विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ और एंबुलेंस में आग कैसे लगी, इसकी जांच की जा रही है। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article