US Iran Conflict: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर संभावित नए अमेरिकी हमलों की खबरों को खारिज करते हुए साफ किया कि तेहरान के साथ सार्थक बातचीत चल रही है। साथ ही, उन्होंने कहा कि मध्यावधि चुनाव से पहले ईरान पर हमला नहीं होगा।
अमेरिका में कब हैं मध्यावधि चुनाव?
आपको बता दें कि अमेरिका में 3 नवंबर को मध्यावधि चुनाव होने वाले हैं। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रूथ' पर एक पोस्ट में कहा कि होर्मुज स्ट्रेट में ईरानी समुद्री यातायात पर लगी नाकाबंदी जारी रहेगी। इसके बावजूद इस रणनीतिक जलमार्ग से रिकॉर्ड मात्रा में तेल गुजर रहा है और इसमें ईरान का कोई तेल शामिल नहीं है।
'ईरान के साथ हो रही सार्थक वार्ता'
ट्रंप ने कहा, ''हम ईरान के साथ सार्थक बातचीत कर रहे हैं। मैं सभी को यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि ईरान आर्थिक और सैन्य, दोनों ही मोर्चों पर बेहद खराब स्थिति में है और होर्मुज स्ट्रेट में नाकाबंदी पूरी तरह लागू रहेगी, फिर भी इस रणनीतिक मार्ग से रिकॉर्ड मात्रा में तेल गुजर रहा है।''
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: US ने Infosys, Wipro समेत कई भारतीय कंपनियों को दिया झटका, ट्रंप ने परमानेंट लेबर सर्टिफिकेशन प्रोग्राम किया सस्पेंड
उन्होंने कहा कि पिछली रात 2.2 करोड़ बैरल तेल यहां से गुजरा और इसमें एक भी बैरल ईरान से नहीं आया और ना ही ईरान गया। हम अमेरिका में 3 नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनाव से पहले किसी भी समय ईरान पर हमला नहीं करेंगे।
US के शांति प्रस्ताव पर कब जवाब देगा ईरान?
इस बीच, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघसी ने कहा कि तेहरान अगले कुछ दिनों में अमेरिका के शांति प्रस्ताव पर अपना जवाब दे सकता है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत जारी है और मध्यस्थों के जरिए लगातार संदेशों का आदान-प्रदान हो रहा है।
ईरानी सरकारी मीडिया आईआरआईबी के मुताबिक, अराघची ने कहा कि ईरान पहले ही अपना प्रस्ताव 'सेवन-डे प्लान' के नाम से अमेरिका के सामने रख चुका है और उसे अमेरिकी पक्ष की प्रतिक्रिया भी मिल चुकी है।
