दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर (Nana Patekar) गुरुवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। 75 साल की उम्र में नाना पाटेकर ने गोवा स्थित अपने घर पर आखिरी सांस ली। उनके निधन की खबर सामने आते ही बॉलीवुड और मराठी फिल्म इंडस्ट्री समेत देशभर में शोक की लहर दौड़ पड़ी। सिनेमा जगत से जुड़े सितारों से लेकर उनके करोड़ों फैन्स और चाहने वाले भी सदमे में आ गए। नाना के पार्थिव शरीर को गोवा से पुणे लाया गया, जहां उनके अंतिम दर्शन के लिए परिवार, करीबी दोस्तों, फिल्मी सितारों और कई गणमान्य लोगों का जमावड़ा लगा। इसके बाद उनके पैतृक गांव डोणजे स्थित फार्महाउस में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई। महाराष्ट्र सरकार ने नाना के सिनेमा और थिएटर में योगदान को देखते हुए उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ कराने का फैसला किया था। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Exclusive: तिरंगा के सीक्वल को लेकर एक्साइटेड थे Nana Patekar, प्रोड्यूसर श्रेयांस ने बताया क्या था प्लान?)
राजकीय सम्मान के साथ नाना को अंतिम विदाई
नाना पाटेकर के पार्थिव शरीर को पुणे के डोणजे गांव स्थित उनके फार्महाउस लाया गया था। यहीं उनके अंतिम संस्कार की तैयारी की गई। बड़ी संख्या में लोग नाना के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। परिवार और करीबी लोगों की मौजूदगी में उन्हें अंतिम विदाई दी गई और इसके साथ ही दिग्गज अभिनेता पंचतत्व में विलीन हो गए। नाना पाटेकर की अंतिम विदाई देने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) भी पहुंचे। फडणवीस ने नाना के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
अचानक निधन से सदमे में इंडस्ट्री
नाना पाटेकर का निधन 8 अक्टूबर की सुबह गोवा में कार्डियक अरेस्ट के बाद हुआ। अस्पताल के मुताबिक, उन्हें करीब 4:20 बजे अस्पताल लाया गया था और डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। उनके निधन की खबर के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi), सलमान खान (Salman Khan), शाहरुख खान (Shah Rukh Khan), अक्षय कुमार (Akshay Kumar), रितेश देशमुख (Riteish Deshmukh) समेत कई हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
