CBI ने बैंकिंग भर्ती परीक्षाओं में फर्जीवाड़ा करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह दिल्ली, बिहार, हरियाणा और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में सक्रिय था। CBI ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक CGST इंस्पेक्टर भी शामिल है।
CBI के मुताबिक, यह पूरा रैकेट बैंकिंग भर्ती प्रक्रिया में उम्मीदवारों की जगह दूसरे लोगों को बैठाकर परीक्षा और इंटरव्यू दिलाने का काम करता था। आरोपी अलग-अलग चरणों में असली उम्मीदवारों की जगह खुद परीक्षा देने और इंटरव्यू में शामिल होने के लिए पहुंचते थे।
IBPS की शिकायत पर दर्ज हुई FIR
यह कार्रवाई इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनेल सेलेक्शन (IBPS) की शिकायत के आधार पर दर्ज FIR के बाद की गई। मामले की जांच CBI की स्पेशल टास्क ब्रांच, मुंबई कर रही है।CBI ने दिल्ली, बिहार, हरियाणा और पश्चिम बंगाल में एक साथ छापेमारी की और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच एजेंसी का कहना है कि आरोपियों ने बैंकिंग भर्ती की चयन प्रक्रिया के कई अहम चरणों में धोखाधड़ी की।
असली उम्मीदवारों की जगह बैठते थे दूसरे लोग
जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य फिजिकल इम्पर्सोनेशन यानी असली उम्मीदवार की जगह दूसरा व्यक्ति बनकर परीक्षा और इंटरव्यू में शामिल होते थे। इस तरह ये लोग मेहनत करके परीक्षा देने वाले योग्य उम्मीदवारों के हक पर डाका डाल रहे थे।CBI का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से न सिर्फ सरकारी भर्ती परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठता है, बल्कि मेहनत करने वाले वास्तविक अभ्यर्थियों के साथ भी अन्याय होता है।
दूसरे आरोपियों की तलाश जारी
CBI ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन एजेंसी की जांच अभी जारी है। जांच एजेंसी इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
