यात्रा

जन्माष्टमी पर मथुरा-वृंदावन जाने का बना रहे हैं प्लान, इन 7 बातों को नजरअंदाज किया तो बढ़ सकती है परेशानी

Janmashtami पर मथुरा-वृंदावन जाने की तैयारी कर रहे हैं तो होटल, ट्रैफिक, पार्किंग, मंदिर दर्शन और भीड़ से जुड़ी ये 7 जरूरी बातें जरूर जान लें।

Image

जन्माष्टमी पर कैसे बनाएं ट्रैवल प्लान, मथुरा-वृंदावन की यात्रा में इन बातों पर रहें अलर्ट

Janmashtami Travel Plan: कान्हा का जन्मोत्सव और जगह मथुरा-वृंदावन। इससे सुंदर संयोग भला क्या होगा। मंदिरों में गूंजते भजन, गलियों में ‘राधे-राधे’ की पुकार और आधी रात को होने वाला श्रीकृष्ण जन्मोत्सव- यह अनुभव जीवनभर याद रहता है। हालांकि जन्माष्टमी पर ब्रज की यात्रा आम दिनों जैसी बिल्कुल नहीं होती। भीड़ इतनी बढ़ जाती है कि कुछ किलोमीटर का रास्ता भी घंटों में पूरा होता है।

साल 2026 में जन्माष्टमी 4 सितंबर को मनाई जाएगी। निशिता पूजा रात 11:56 बजे से 12:41 बजे तक रहेगी, जबकि दही हांडी उत्सव 5 सितंबर को होगा। अलग-अलग मंदिरों के उत्सव और दर्शन कार्यक्रम में अंतर हो सकता है। इसलिए मथुरा-वृंदावन यात्रा शुरू करने से पहले इन सात बातों को जरूर ध्यान में रखें।

1. जन्माष्टमी की सुबह पहुंचने का प्लान न बनाएं

अगर सोच रहे हैं कि सुबह दिल्ली-एनसीआर से निकलेंगे और कुछ घंटों में आराम से मथुरा पहुंच जाएंगे, तो यह योजना भारी पड़ सकती है। जन्माष्टमी से एक दिन पहले ही श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगती है। प्रमुख रास्तों पर डायवर्जन और वाहनों की एंट्री पर रोक भी लग सकती है।

बेहतर होगा कि एक दिन पहले पहुंच जाएं। इससे होटल में चेक-इन, पार्किंग और दर्शन की योजना बनाने का समय मिल जाएगा।

2. होटल मंदिर के नाम पर नहीं, दूरी देखकर बुक करें

ऑनलाइन होटल के विवरण में 'बांके बिहारी मंदिर के पास' या 'श्रीकृष्ण जन्मभूमि के नजदीक' लिखा हो सकता है, लेकिन वास्तविक दूरी अलग निकल सकती है। बुकिंग से पहले मैप पर पैदल रास्ता जरूर देखें।

ध्यान रखें कि जन्माष्टमी पर कई अंदरूनी रास्तों पर वाहन नहीं जा पाते। ऐसे में डेढ़-दो किलोमीटर सामान लेकर पैदल चलना मुश्किल हो सकता है। बुजुर्ग या बच्चे साथ हों तो ग्राउंड फ्लोर का कमरा और लिफ्ट की सुविधा भी पहले पूछ लें।

3. मथुरा और वृंदावन को एक ही दिन में न देखें

सुबह मथुरा, दोपहर वृंदावन, शाम प्रेम मंदिर और रात को जन्मभूमि- कागज पर यह प्लान अच्छा दिखता है। लेकिन जन्माष्टमी की भीड़ में इसे पूरा करना मुश्किल रहेगा।

मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि और द्वारकाधीश मंदिर के लिए अलग समय रखें। वहीं वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर, इस्कॉन और प्रेम मंदिर के दर्शन अपनी सुविधा के अनुसार चुनें। हर मंदिर जाने की कोशिश में यात्रा का आनंद खो सकता है।

4. मंदिर का दर्शन समय पहले जांच लें

आम दिनों में इंटरनेट पर दिखने वाला मंदिर का समय जन्माष्टमी पर बदल सकता है। विशेष आरती, अभिषेक, श्रृंगार और भीड़ नियंत्रण के कारण कुछ समय के लिए प्रवेश रोका जा सकता है। निकलने से पहले मंदिर के आधिकारिक माध्यम या स्थानीय प्रशासन की ताजा सूचना देखें। केवल ड्राइवर, होटल कर्मचारी या सोशल मीडिया पर आए पुराने वीडियो के भरोसे कार्यक्रम न बनाएं।

5. अपनी गाड़ी को मंदिर तक ले जाने की जिद न करें

जन्माष्टमी के दौरान मथुरा-वृंदावन के मुख्य मंदिरों के आसपास ट्रैफिक प्रतिबंध और पार्किंग व्यवस्था लागू की जाती है। कई बार ई-रिक्शा भी निर्धारित सीमा से आगे नहीं जा पाते। प्रशासन ने इस वर्ष भी अंदरूनी क्षेत्रों में प्रतिबंध और डायवर्जन की व्यवस्था की है। इसलिए गाड़ी तय पार्किंग में खड़ी करें और उसकी लोकेशन का स्क्रीनशॉट ले लें। पार्किंग पर्ची संभालकर रखें। ड्राइवर साथ हो तो मिलने का स्थान और समय पहले तय कर लें।

6. भारी बैग और कीमती सामान साथ न रखें

भीड़ में बड़ा बैग सुविधा से ज्यादा बोझ बन जाता है। छोटा स्लिंग बैग रखें, जिसे सामने की ओर पकड़ा जा सके। उसमें पानी की छोटी बोतल, जरूरी दवा, हल्का फलाहार, रुमाल और पावर बैंक रखें।

महंगे गहने पहनने से बचें। मोबाइल और पर्स पीछे की जेब में न रखें। छोटे बच्चों की जेब में माता-पिता का नाम और फोन नंबर लिखी पर्ची डालना समझदारी होगी।

7. बच्चों और बुजुर्गों के साथ आधी रात की भीड़ से बचें

जन्माष्टमी पर आधी रात के दर्शन का अपना आकर्षण है, लेकिन बांके बिहारी मंदिर या श्रीकृष्ण जन्मभूमि के आसपास उस समय भारी भीड़ हो सकती है। बुजुर्ग, हृदय रोगी, गर्भवती महिलाएं और बहुत छोटे बच्चे साथ हों तो सुबह या अपेक्षाकृत कम भीड़ वाला समय चुनें।

परिवार बिछड़ जाए तो कहां मिलेंगे, यह पहले तय कर लें। नेटवर्क व्यस्त होने पर फोन तुरंत नहीं लग सकता। पानी पीते रहें और बेचैनी, चक्कर या सांस फूलने को मामूली समझकर नजरअंदाज न करें।

Medha Chawla
मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वाली मेधा की विशेषज्ञता हेल्थ, वेलनेस, फिटनेस, मेंटल हेल्थ, डेली लाइफ इम्प्रूवमेंट, ह्यूमन-इंटरेस्ट फीचर्स और रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तक फैली है। उनकी लेखन शैली पाठकों को जटिल स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी विषयों को आसान, समझने योग्य और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे उनका कंटेंट व्यापक पाठक समूह से जुड़ता है। अबतक 30,000 से अधिक कंटेंट पीस लिख चुकी मेधा की कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड सेट कर चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article