Nationwide Bank Strike : देशभर के बैंक कर्मचारी और अधिकारी 11 सितंबर को एक दिन की राष्ट्रव्यापी हड़ताल करने जा रहे हैं। बैंक यूनियनों के मुख्य संगठन 'यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस' (UFBU) ने कई पुरानी और पेंडिंग मांगों को लेकर इस हड़ताल का फैसला किया है। अगर यह हड़ताल होती है, तो खासतौर पर सरकारी (सार्वजनिक क्षेत्र के) बैंकों का काम बुरी तरह प्रभावित हो सकता है। यह हड़ताल शुक्रवार को है, जिसके ठीक बाद महीने के दूसरे शनिवार और रविवार को बैंक बंद रहेंगे। इसके अलावा कुछ राज्यों में 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी की छुट्टी है, जिससे लगातार 4 दिन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
5-डे बैंकिंग लागू करने में देरी मुख्य वजह
न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कॉन्फेडरेशन (AIBOC) के महासचिव रूपम रॉय का कहना है कि 8 मार्च 2024 को हुए द्विपक्षीय समझौते में 5-डे बैंकिंग (सोमवार से शुक्रवार काम) पर सहमति बनी थी। इसके बदले सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना काम के घंटे 40 मिनट बढ़ाने का प्रस्ताव था। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) ने इसे सरकार के पास भेजा था, लेकिन दो साल से ज्यादा का समय बीत जाने के बाद भी सरकार ने इस पर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है।
परफॉर्मेंस इंसेंटिव (PLI) योजना का विरोध
बैंक यूनियनें सरकार की नई परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना का कड़ा विरोध कर रही हैं। ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन (AIBEA) के महासचिव सी.एच. वेंकटचलम के अनुसार, सरकार की योजना में बड़े अधिकारियों (स्केल-4 और उससे ऊपर) को उनके निजी प्रदर्शन पर 365 दिन तक के मूल वेतन के बराबर इंसेंटिव देने की बात है, जबकि आम कर्मचारियों और स्केल-3 तक के अधिकारियों के लिए यह सीमा सिर्फ 15 दिन तय की गई है। यूनियनों की मांग है कि इंसेंटिव व्यक्तिगत प्रदर्शन के बजाय पूरे बैंक के प्रदर्शन से जुड़े और सभी कर्मचारियों व अधिकारियों के लिए एक समान हो। यह मामला कोर्ट और श्रम आयुक्त के पास लंबित होने के बावजूद इसे जबरन लागू किया जा रहा है।
पेंशन सुधार और पुरानी पेंशन की मांग
बैंक कर्मचारियों की अन्य प्रमुख मांगों में पेंशन का अपडेशन (सुधार), सभी पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते (DA) की एक समान गणना और राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) के तहत आने वाले कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (OPS) में वापस आने का विकल्प देना शामिल है।
मांगें न मानने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
UFBU ने साफ किया है कि अगर सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो 11 सितंबर की हड़ताल के बाद आंदोलन और तेज होगा। यूनियनों ने 28 सितंबर से तीन दिन की हड़ताल की चेतावनी दी है, जो बैंक की छमाही खाताबंदी (हाफ ईयरली क्लोजिंग) के समय होगी। इसके बाद भी बात न बनने पर 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने का फैसला किया गया है।
