यात्रा

₹3000-₹5000 के बजट में सितंबर ट्रिप? ऋषिकेश नहीं यहां कम खर्च में मिलेगा झील, किला और जंगल का मजा

सितंबर में कम बजट में घूमने की सोच रहे हैं तो राजस्थान का अलवर अच्छा विकल्प हो सकता है। दिल्ली से आसानी से पहुंचकर यहां झील, पहाड़, किला एक ही यात्रा में देख सकते हैं।

Image

Alwar Trip in Budget

राजस्थान सुनते ही अक्सर जयपुर, उदयपुर या जैसलमेर का ख्याल आता है। लेकिन सितंबर में अगर आप भीड़ से थोड़ा दूर और जेब पर हल्का सफर चाहते हैं, तो अलवर पर नजर डालना बनता है। यह दिल्ली से बहुत दूर नहीं है और यहां राजस्थान का वह रूप दिखता है जिसमें किले और पुरानी इमारतों के साथ पहाड़, जंगल और झीलें भी हैं। बारिश के बाद सितंबर में अलवर का आसपास का इलाका ज्यादा हरा-भरा नजर आ सकता है।

राजस्थान पर्यटन भी मानसून के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हरियाली और सुंदर प्राकृतिक नजारों का जिक्र करता है। सबसे अच्छी बात यह है कि आपको इस छोटी यात्रा के लिए बहुत बड़ा बजट रखने की जरूरत नहीं। थोड़ी समझदारी से ₹3000 से ₹5000 के बीच दो दिन की बजट यात्रा की योजना बनाई जा सकती है।

कैसे पहुंचें?

दिल्ली से अलवर जाने के लिए ट्रेन सबसे अच्छा ऑप्शन हो सकता है। दिल्ली से अलवर की दूरी करीब 157-167 किलोमीटर है और ट्रेन से यात्रा लगभग 2 घंटे 45 मिनट से 3 घंटे के आसपास हो सकती है। बस भी चलती है और उसका किराया करीब ₹150-₹370 से शुरू होता है। हालांकि आप अपनी कार से जाएं तो बढ़िया ही है।

कहां-कहां घूमें?

अलवर में सबसे पहले सिलीसेढ़ झील का रुख किया जा सकता है। झील के आसपास पहाड़ और हरियाली सितंबर के मौसम में इसे खास बना सकते हैं। राजस्थान पर्यटन के अनुसार यहां नौका विहार का विकल्प भी है। इसके बाद सिटी पैलेस और आसपास के पुराने हिस्से देखे जा सकते हैं। अगर समय और मौसम साथ दे, तो सरिस्का टाइगर रिजर्व की यात्रा भी योजना में शामिल की जा सकती है। सरिस्का में जंगल, पहाड़ और वन्यजीवों के साथ ऐतिहासिक जगहें भी हैं।

एक और जरूरी बात, राजस्थान पर्यटन की मौजूदा वेबसाइट पर बाला किला का प्रवेश पर्यटकों के लिए अस्थायी रूप से बंद बताया गया है, इसलिए जाने से पहले इसकी ताजा स्थिति जरूर जांच लें।

कम बजट में सफर

अलवर की बजट ट्रिप के लिए आने-जाने का किराया ₹500-₹900, ठहरने के लिए ₹800-₹1500 प्रति रात, खाने-पीने के लिए करीब ₹600-₹1000 और लोकल ट्रेवल के लिए ₹500-₹800 का बजट रखा जा सकता है। यानी अकेले या दो लोगों के साथ खर्च बांटकर यात्रा को ₹3000-₹5000 के आसपास रखा जा सकता है।

सितंबर में क्यों जाएं?

सितंबर में अलवर का फायदा यही है कि बारिश के बाद आसपास की हरियाली और झीलों का नजारा ज्यादा अच्छा लग सकता है। सिलीसेढ़ की शांत झील, अरावली की पहाड़ियां और पुराने महलों का मेल इस छोटे सफर को सिर्फ बजट ट्रिप नहीं रहने देता।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article