यात्रा

IRCTC: बाबा श्याम के दरबार से जीण माता के धाम तक, राजस्थान की अनोखी धार्मिक यात्रा

IRCTC: राजस्थान की अनोखी धार्मिक यात्रा करने का आपके पास सुनहरा मौका है। आईआरसीटीसी ने 3 दिन का शानदार टूर पैकेज लॉन्च कर दिया है जिसके तहत आपको ये यात्रा करवाई जाएगी।

Image

राजस्थान की अनोखी धार्मिक यात्रा (फोटो: AI)

IRCTC: अगर आप राजस्थान की संस्कृति, इतिहास और आस्था को एक साथ महसूस करना चाहते हैं, तो ये टूर पैकेज आपके लिए बेहद खास रहने वाला है। भारतीय रेलवे की सहायक कंपनी आईआरसीटीसी ने 3 दिन का शानदार टूर पैकेज लॉन्च कर दिया है। इस टूर पैकेज का नाम- 'JAIPUR-KHATUSHYAMJI, JEEN MATAJI-JAIPUR' है। इस पैकेज की बुकिंग आप अपने सहूलियत के हिसाब से किसी भी दिन के लिए कर सकते हैं। इस ट्रिप में आपको जयपुर की शाही विरासत देखने को मिलेगी, वहीं खाटूश्यामजी और जीण माता के दर्शन का आध्यात्मिक अनुभव भी मिलेगा। आइए जानते हैं इस 3 दिन के सफर का पूरा प्लान कैसा रहने वाला है।

पहला दिन: जयपुर आगमन और शहर घूमने का मौका

आप अपनी यात्रा की शुरुआत जयपुर से करेंगे। सुबह जयपुर रेलवे स्टेशन या बस स्टैंड पहुंचने के बाद आपको होटल तक पहुंचाया जाएगा। होटल में चेक-इन करने के बाद आप फ्रेश होकर जयपुर घूमने के लिए निकल सकते हैं। सबसे पहले आप सिटी पैलेस घूम सकते हैं, जहां राजघराने की शाही जीवनशैली और खूबसूरत वास्तुकला देखने को मिलती है। इसके बाद जंतर-मंतर और हवा महल घूमने का मौका मिलेगा। हवा महल की खूबसूरत खिड़कियां और शानदार डिजाइन जयपुर की पहचान मानी जाती हैं।

शाम का समय आप जयपुर के बाजारों में शॉपिंग करते हुए बिता सकते हैं। यहां से आप राजस्थानी कपड़े, ज्वेलरी, हैंडीक्राफ्ट और लोकल सामान खरीद सकते हैं। रात को जयपुर होटल में रुकने की व्यवस्था होगी।

दूसरा दिन: जयपुर से खाटूश्यामजी और जीण माता दर्शन

दूसरे दिन सुबह नाश्ता करने के बाद आप जयपुर से खाटूश्यामजी के लिए रवाना होंगे। जयपुर से खाटूश्यामजी की दूरी लगभग 80 किलोमीटर है। खाटूश्यामजी मंदिर राजस्थान के सबसे प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में से एक है। देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन के लिए यहां आते हैं। इसके बाद आप जीण माता मंदिर के लिए निकलेंगे, जो खाटूश्यामजी से करीब 25 किलोमीटर दूर है। जीण माता मंदिर भी राजस्थान का एक प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है और भक्तों की गहरी आस्था इससे जुड़ी हुई है। दोनों मंदिरों के दर्शन के बाद आप वापस जयपुर लौट आएंगे। रात को जयपुर होटल में आराम करेंगे।

तीसरा दिन: जयपुर के किले और वापसी

यात्रा के आखिरी दिन सुबह नाश्ता करने के बाद होटल से चेकआउट करेंगे। इसके बाद जयपुर के कुछ और शानदार पर्यटन स्थलों की सैर करेंगे। सबसे पहले आप नाहरगढ़ किला घूम सकते हैं। अरावली की पहाड़ियों पर बना यह किला जयपुर शहर का खूबसूरत नजारा दिखाता है।

इसके बाद आप आमेर किला देखने जाएंगे। जयपुर दर्शन पूरा करने के बाद आपको रेलवे स्टेशन या बस स्टैंड छोड़ा जाएगा, जहां से आप अपनी आगे की यात्रा के लिए रवाना हो सकते हैं।

पैकेज से जुड़ी अन्य जानकारी

खर्चे की बात करें तो सिंगल शेयरिंग में ये ट्रिप आपको ₹17,460 में पड़ेगी। डबल और ट्रिपल शेयरिंग में किराया क्रमश: ₹8,980 और ₹6,660 तय किया गया है। 5 से 11 साल तक के बच्चों के लिए किराया ₹1,260 है।

आईआरसीटीसी की वेबसाइट या फिर मोबाइल एप्प के माध्यम से आप पैकेज की बुकिंग कर सकते हैं। इस पैकेज का कोड NJH082 है। ज्यादा जानकारी के लिए आप आईआरसीटीसी की ऑफिशियल वेबसाइट पर या इन नंबरों पर- 8595930986, 9001094705 संपर्क कर सकते हैं।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article