Haryana Tourism Jungle safari: घूमने-फिरने के साथ ही एडवेंचर का शौक रखने वाले पर्यटकों के लिए खुशखबरी है। हरियाणा अरावली रेंज में दुनिया का सबसे बड़ा जंगल सफारी पार्क विकसित करने के लिए पूरी तरह से तैयार है जिसकी घोषणा राज्य सरकार ने कर दी है। 10,000 एकड़ को कवर करने वाली इस परियोजना का उद्देश्य विश्व स्तर पर अपनी तरह की सबसे बड़ी परियोजना बनने का है जो अपने आप में बड़ी बात है।
लगभग 2,000 एकड़ में फैला मौजूदा समय में अफ्रीका के बाहर सबसे बड़ा क्यूरेटेड सफारी पार्क शारजाह में स्थित है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि हरियाणा का प्रस्तावित अरावली पार्क इससे पांच गुना ज्यादा बड़ा होगा। पर्यटकों को लुभाने के लिए इसमें कई आकर्षण होंगे।
विदेशी पक्षियों और जानवरों के लिए इसमें एक विशेष क्षेत्र होगा। प्रकृति पथ, पर्यटन क्षेत्र, वनस्पति उद्यान इसमें सबकुछ शामिल होगा। मालूम हो कि, इस परियोजना से दिल्ली और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करने की उम्मीद जताई जा रही है। अरावली पर्वत श्रृंखला के संरक्षण को बढ़ाने की भी उम्मीद है।
बता दें कि इस सफारी पार्क का लक्ष्य घूमने-फिरने आने वाले पर्यटकों को एक अद्वितीय वन्यजीव अनुभव प्रदान करने का है। अरावली पर्वत श्रृंखला विभिन्न प्रकार के वन्य जीवों का घर है, जिनमें कई पक्षी प्रजातियां, स्तनधारी और विभिन्न प्रकार की तितलियां शामिल हैं। एक हालिया सर्वेक्षण के अनुसार, यह क्षेत्र 180 पक्षी प्रजातियों, 15 पशु प्रजातियों, 29 जलीय और सरीसृप प्रजातियों और 57 तितली प्रजातियों का घर है।
