Lionel Messi: अर्जेंटीना के लिए अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल को अलविदा कहने के बाद लियोनेल मेसी का जादू बिल्कुल भी कम नहीं हुआ है। संन्यास के ऐलान के बाद अपने पहले ही क्लब मैच में मेसी ने ऐसा खेल दिखाया कि फैंस एक बार फिर उनके दीवाने हो गए। शनिवार रात इंटर मियामी और अटलांटा यूनाइटेड के बीच खेला गया मुकाबला 2-2 से ड्रॉ रहा, लेकिन इस मैच के हीरो मेसी ही रहे जिन्होंने अपनी टीम के दोनों गोल बनवाए। तेज बारिश और बिजली के कारण मैच डेढ़ घंटे की देरी से शुरू हुआ था। इसके बावजूद स्टेडियम खचाखच भरा था और जब 38 वर्षीय मेसी वॉर्म-अप के लिए मैदान पर आए तो पूरा स्टेडियम उनकी तालियों से गूंज उठा।
मेसी रहे मैच के हीरो
मैच का पहला गोल इंटर मियामी ने मेसी की बदौलत ही किया। 32वें मिनट में मेसी ने शानदार कॉर्नर किक ली, जिस पर कासेमिरो ने बेहतरीन हेडर से गेंद को गोल में डालकर टीम को 1-0 से आगे कर दिया। हालांकि अटलांटा ने कुछ ही मिनटों में मिगुएल अल्मिरोन के गोल से स्कोर 1-1 कर दिया।इसके बाद फिर मेसी ने अपना जलवा दिखाया। उन्होंने एक बेहतरीन लॉफ्टेड पास से तेलास्को सेगोविया को गेंद दी। सेगोविया ने तुरंत गेंद लुइस सुआरेज की तरफ बढ़ाई और सुआरेज ने हाफ टाइम से ठीक पहले शानदार गोल कर मियामी को फिर से 2-1 से आगे कर दिया। यह सुआरेज का इस सीजन का 12वां गोल था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- उरुग्वे ने भारत दौरे के लिए जारी किया 46 सदस्यों का स्क्वॉड, फोर्लान की कोच के तौर पर पहली परीक्षा
स्कोरशीट में नहीं लिखवा पाए नाम
दूसरे हाफ में मेसी के पास खुद गोल करने के कई मौके आए। इंजरी टाइम में उनके दो लगातार शॉट अटलांटा के गोलकीपर ने रोक लिए, नहीं तो मेसी स्कोरशीट पर भी नाम लिख लेते। मैच का निर्णायक मोड़ 87वें मिनट में आया जब अटलांटा को पेनल्टी मिली। इससे पहले अल्मिरोन की पेनल्टी को मियामी के गोलकीपर डायने सेंट क्लेयर ने रोक दिया था, लेकिन डेब्यू कर रहे ब्रेल एम्बोलो ने इस बार कोई गलती नहीं की और गोल कर स्कोर 2-2 कर दिया।
आखिरी मिनटों में मियामी ने जीत के लिए पूरी ताकत लगा दी, लेकिन गोल नहीं हो सका।इस ड्रॉ के बाद इंटर मियामी ईस्टर्न कॉन्फ्रेंस में 43 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर है, जो टॉप पर मौजूद नैशविले से 10 अंक पीछे है। अभी लीग में 11 मैच बाकी हैं। मेसी ने साफ कर दिया है कि अर्जेंटीना से रिटायरमेंट के बाद भी क्लब फुटबॉल में उनकी चमक बरकरार है।
