शहर

Moti Bagh News: दिल्ली में बड़ा हादसा, सत्य निकेतन के पास ढही इमारत; मलबे में कई छात्रों के दबे होने की आशंका

Delhi Moti Bagh Building Collapse: राजधानी दिल्ली के दक्षिण जिले से एक बड़ी और दुखद दुर्घटना की खबर सामने आ रही है। मोती बाग इलाके में सत्य निकेतन के पास एक इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इमारत ढहने से उसके मलबे के नीचे कई लोगों के दबे होने की गंभीर आशंका जताई जा रही है।

Image

सत्य निकेतन के पास गिरी इमारत

Photo : ANI

Moti Bagh Building Collapse: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के मोती बाग इलाके में सत्य निकेतन के समीप रविवार दोपहर एक 5 मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इस इमारत में छात्रों का हॉस्टल संचालित किया जा रहा था, जिसके चलते मलबे में कई छात्रों सहित अन्य लोगों के दबे होने की गंभीर आशंका जताई जा रही है। हादसे के तुरंत बाद दिल्ली फायर सर्विस (DFS), दिल्ली पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया है।

दोपहर 1:30 बजे हुआ हादसा

दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, दोपहर करीब 1:30 बजे इमारत गिरने की आपातकालीन सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां और राहतकर्मी घटनास्थल पर पहुंच गए और मलबे को हटाने का काम युद्धस्तर पर शुरू किया गया। 5 मंजिला इमारत में हॉस्टल होने के कारण हादसे के वक्त अंदर छात्रों की मौजूदगी की बात सामने आ रही है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।

बचाव कार्य जारी, मलबे में फंसे लोगों की संख्या की पुष्टि बाकी

दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। फिलहाल यह अभियान शुरुआती चरण में है। मलबे के नीचे कुल कितने लोग दबे हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि बचाव कार्य आगे बढ़ने और मलबा साफ होने के बाद ही की जा सकेगी। आपदा प्रबंधन की टीमें कटर और भारी मशीनों की मदद से कंक्रीट के स्लैब हटाकर नीचे फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास में जुटी हुई हैं। एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और एम्बुलेंस को मौके पर तैनात रखा गया है।

खबर अपडेट की जा रही है...

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article