Flight Safety Tips: फ्लाइट से ट्रैवल को हम अक्सर सुरक्षित यात्रा मानते हैं। लेकिन, आपको ये जानना बेहद जरूरी है कि आसमान में उड़ते विमान के साथ कुछ चीजें ऐसी भी होती हैं जो हमारे कंट्रोल में नहीं होतीं। टर्बुलेंस (Aircraft Turbulence) यानी हवा के अचानक झटके इनमें सबसे बड़ी चीज में से एक है। कई बार विमान सामान्य तरीके से उड़ रहा होता है लेकिन, अचानक तेज झटका लग सकता है जो आपको परेशान कर सकता है। इससे बचने के लिए सीट बेल्ट एक छोटी लेकिन जरूरी चीज है जो यात्रियों को गंभीर चोट से बचा सकती है।
एयर इंडिया की फ्लाइट में टर्बुलेंस की घटना ने दिलाई सुरक्षा की याद
हाल ही में फुकेत से नई दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट में अचानक हवा के तेज झटके महसूस किए गए। टर्बुलेंस के कारण विमान को कुछ समय के लिए ऊंचाई में बदलाव का सामना करना पड़ा जिसके चलते कई यात्री व क्रू मेंबर घायल भी हुए। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया कि फ्लाइट के दौरान सीट बेल्ट बांधकर रखना कितना जरूरी है। अक्सर यात्री सोचते हैं कि जब सीट बेल्ट साइन बंद हो गया है तो अब बेल्ट खोल सकते हैं। लेकिन विशेषज्ञों की मानें तो सीट बेल्ट सिर्फ एक नियम नहीं, बल्कि आपकी सुरक्षा का सबसे आसान तरीका है।
सीट बेल्ट साइन बंद होने के बाद भी क्यों बांधनी चाहिए बेल्ट?
जब विमान उड़ान भरता है तो पायलट और क्रू यात्रियों को सीट बेल्ट बांधने की सलाह देते हैं। कुछ समय बाद जब स्थिति सामान्य होती है तो सीट बेल्ट साइन बंद कर दिया जाता है। इसका मतलब ये नहीं होता कि अब किसी भी तरह का खतरा नहीं है। आसमान में मौसम तेजी से बदल सकता है और कई बार बिना किसी चेतावनी के टर्बुलेंस आ सकता है। ऐसे में जो यात्री सीट बेल्ट नहीं लगाए होते हैं, उन्हें अचानक झटके के कारण चोट लग सकती है। सीट बेल्ट आपको आपकी सीट से बांधे रखती है और शरीर के अचानक ऊपर उठने या आगे की ओर गिरने की संभावना को कम करती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: गुफा के भीतर विराजमान हैं भगवान शिव, जानिए क्यों खास है श्री केशवनाथेश्वर मंदिर की यात्रा
टर्बुलेंस कब आएगा, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल
कई यात्रियों को लगता है कि टर्बुलेंस सिर्फ खराब मौसम में होता है, लेकिन ऐसा हमेशा नहीं होता। कई बार साफ मौसम में भी विमान को हवा के दबाव में बदलाव के कारण झटके महसूस हो सकते हैं। यही वजह है कि पायलट और एयरलाइन कंपनियां सलाह देती हैं कि जब भी आप अपनी सीट पर बैठे हों, सीट बेल्ट बांधकर रखें। इससे अचानक आने वाले झटकों के दौरान सुरक्षा बनी रहती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: भारत में बढ़ रहा है Second City Tourism का ट्रेंड, जानें क्यों बदल रही है घूमने की सोच
सीट बेल्ट विमान की सबसे आसान सुरक्षा व्यवस्था
विमान में कई अत्याधुनिक सुरक्षा सिस्टम होते हैं, लेकिन सीट बेल्ट सबसे सरल और प्रभावी सुरक्षा उपायों में से एक है। यह किसी भी तरह की दुर्घटना को पूरी तरह रोक नहीं सकती, लेकिन अचानक लगने वाले झटकों से होने वाली चोटों को काफी हद तक कम कर सकती है। इसी वजह से अनुभवी यात्री अक्सर अपनी सीट बेल्ट पूरे सफर के दौरान हल्के से बांधकर रखते हैं, भले ही सीट बेल्ट साइन बंद हो चुका हो।
