यात्रा

19 नवंबर को मुफ्त में घूम आएं ताज महल, लाल किला, हम्पी.. ASI ने नया नियम किया लागू, जानें फ्री एंट्री की डिटेल्स

19 नवंबर को विश्व धरोहर सप्ताह के अवसर पर ASI के केंद्रीय संरक्षित स्मारकों में मुफ्त प्रवेश मिलेगा। जानिए ताजमहल, लाल किला, कुतुब मीनार और अन्य ऐतिहासिक स्थलों की फ्री एंट्री, मुख्य मकबरे के टिकट और जरूरी नियमों की पूरी जानकारी।

Image

19 नवंबर को इन टूरिस्ट डेस्टिनेशन्स पर मिलेगी फ्री एंट्री

अगर आप भी ताजमहल की खूबसूरती को करीब से देखना चाहते हैं या दिल्ली के लाल किले की ऐतिहासिक दीवारों के बीच घूमने का सपना रखते हैं, तो आपके लिए एक अच्छी खबर है। 19 नवंबर को देश के कई प्रसिद्ध ऐतिहासिक स्मारकों में घूमने के लिए टिकट खरीदने की जरूरत नहीं होगी। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने विश्व धरोहर सप्ताह की शुरुआत पर खास पहल की है। इसके तहत देशभर के केंद्रीय संरक्षित स्मारकों में 19 नवंबर को भारतीय और विदेशी पर्यटकों को प्रवेश शुल्क से छूट दी जाएगी।

यानी आप इस दिन ताजमहल, लाल किला, कुतुब मीनार और अजंता-एलोरा जैसी ऐतिहासिक जगहों को बिना सामान्य प्रवेश टिकट के देख सकेंगे। हालांकि, ताजमहल जाने वालों के लिए एक जरूरी बात है। यहां मुख्य मकबरे में प्रवेश के लिए अलग से शुल्क देना होगा। आइए जानते हैं इस खास सुविधा से जुड़ी पूरी जानकारी और जरूरी नियम।

19 नवंबर को फ्री एंट्री

हर साल 19 से 25 नवंबर तक विश्व धरोहर सप्ताह मनाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों को देश की ऐतिहासिक इमारतों, पुरातात्विक स्थलों और सांस्कृतिक विरासत के महत्व के बारे में जागरूक करना है। इस मौके पर ASI की ओर से 19 नवंबर को केंद्रीय संरक्षित स्मारकों में प्रवेश शुल्क माफ करने की व्यवस्था की गई है। इसका फायदा देश के साथ-साथ विदेश से आने वाले पर्यटक भी उठा सकेंगे।

किन ऐतिहासिक जगहों पर मिलेगी फ्री एंट्री?

19 नवंबर को देश के अलग-अलग राज्यों में मौजूद ASI के केंद्रीय संरक्षित स्मारकों में सामान्य प्रवेश निःशुल्क रहेगा। इनमें कई विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल भी शामिल हैं।

  • आगरा: ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी, अकबर का मकबरा और एत्माद्दौला का मकबरा।
  • दिल्ली: लाल किला, कुतुब मीनार, हुमायूं का मकबरा, पुराना किला और सफदरजंग का मकबरा।
  • मध्य प्रदेश: खजुराहो के ऐतिहासिक मंदिर।
  • ओडिशा: कोणार्क सूर्य मंदिर।
  • महाराष्ट्र: अजंता और एलोरा की गुफाएं।
  • कर्नाटक: हम्पी के ऐतिहासिक स्मारक।
  • तमिलनाडु: महाबलीपुरम के प्राचीन स्मारक।

ताजमहल जाने से पहले समझ लें ये जरूरी नियम

अगर आपका प्लान 19 नवंबर को ताजमहल देखने का है, तो एक खास नियम जरूर याद रखें। ASI की इस सुविधा के तहत ताजमहल के मुख्य परिसर में प्रवेश के लिए सामान्य टिकट नहीं खरीदना होगा। हालांकि, अगर आप मुख्य मकबरे के अंदर जाकर शाहजहां और मुमताज की कब्रों वाले हिस्से को देखना चाहते हैं, तो इसके लिए 200 रुपये का अतिरिक्त टिकट लेना होगा।

इसी के साथ ध्यान रखें कि, ये मुफ्त एंट्री वाला नियम केवल 19 नवंबर के लिए ही है। 25 तारीख विश्व धरोहर सप्ताह जरूर चलेगा लेकिन, यात्रियों को शुल्क देकर ही इन जगहों पर प्रवेश करना होगा।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article