यात्रा

दिल्ली वालों के लिए बेस्ट मानसून रोड ट्रिप, 5 रूट जो बना देंगे आपका सफर यादगार

दिल्ली में रहने वाले लोगों के लिए मानसून मौसम से राहत ही नहीं लेकर आता है, बल्कि इस दौरान कई रास्ते भी बेहद खूबसूरत हो जाते हैं। आइए जानते हैं ऐसे ही 5 शानदार रोड ट्रिप्स के बारे में...

Image

मानसून के बेस्ट रोड ट्रिप्स

Monsoon Road Trips: मानसून के सीजन में कुछ रास्तों पर सफर करना खतरे से खाली नहीं होता, तो वहीं कुछ रास्ते इस दौरान बेहद शानदार नजारे दिखाते हैं। बारिश की पहली फुहार, मिट्टी की सोंधी खुशबू और सड़क के दोनों ओर फैली हरियाली मानसून का मौसम रोड ट्रिप के शौकीनों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं होता है। खासकर Delhi-NCR के लोगों के लिए यह समय शहर की भागदौड़ से कुछ पल दूर नेचर के बीच सुकून तलाशने का बेहतरीन अवसर लेकर आता है। यदि आप भी वीकेंड पर एक यादगार ड्राइव की योजना बना रहे हैं, तो ये पांच मानसून रोड ट्रिप रूट आपके दिल्ली से सफर (Road Trips From Delhi) को खास बना सकते हैं।

1. दिल्ली से ऋषिकेश

दिल्ली से लगभग 240 किलोमीटर दूर ऋषिकेश मानसून में और भी खूबसूरत नजर आता है। इस रास्ते में फैले हरे-भरे खेत, हल्की बारिश और पहाड़ों की शुरुआत यात्रा को रोमांचक बना देती है। यहां पहुंचकर आप गंगा आरती का आनंद ले सकते हैं, नदी किनारे शांत समय बिता सकते हैं और आसपास के प्राकृतिक स्थलों की सैर कर सकते हैं। मानसून में यहां का मौसम बेहद सुहावना रहता है।

2. दिल्ली से लैंसडाउन

यदि आप शांति के साथ नेचर के करीब कुछ समय बिताना चाहते हैं, तो लैंसडाउन आपके लिए एक शानदार विकल्प है। दिल्ली से लगभग 280 किलोमीटर की दूरी पर मौजूद यह हिल स्टेशन अपनी हरियाली, घने देवदार के जंगलों और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है। मानसून में यहां की वादियां बादलों की चादर में लिपटी हुई दिखाई देती हैं, जो यात्रा को यादगार बना देती हैं।

3. दिल्ली से नीमराना

दिल्ली से मात्र 120 किलोमीटर दूर राजस्थान का नीमराना उन लोगों के लिए बेहतरीन जगह है जो कम दूरी में बारिश का शानदार अनुभव चाहते हैं। अरावली की पहाड़ियों के बीच स्थित नीमराना का ऐतिहासिक किला बारिश के मौसम में और भी आकर्षक लगता है।

4. दिल्ली से मोरनी हिल्स

हरियाणा के पंचकूला जिले में स्थित मोरनी हिल्स दिल्ली से करीब 260 किलोमीटर दूर है। दिल्ली से मोरनी हिल्स का सफर करते समय आपको मानसून के दौरान यहां झीलें, पहाड़ियां और हरियाली पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती हैं। यह जगह उन लोगों के लिए खास है जो भीड़भाड़ से दूर प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेना चाहते हैं।

5. दिल्ली से भरतपुर

यदि आपको पक्षियों और प्राकृतिक वातावरण से लगाव है, तो भरतपुर की रोड ट्रिप आपके लिए बेहतरीन साबित हो सकती है। दिल्ली से लगभग 220 किलोमीटर दूर स्थित यह क्षेत्र मानसून में हरियाली से भर जाता है। बारिश के मौसम में यहां का प्राकृतिक सौंदर्य कई गुना बढ़ जाता है।

सफर में जरूर रखें ये सावधानी

यदि आप इस मानसून के सीजन में किसी रोड ट्रिप पर निकलना चाहते हैं, तो इससे पहले वाहन की सर्विसिंग जरूर करवा लें। आपको टायर, ब्रेक और वाइपर की जांच जरूर करा लेनी चाहिए। इसके अलावा मौसम का पूर्वानुमान देखकर ही यात्रा की योजना बनाएं और पहाड़ी क्षेत्रों में अतिरिक्त सावधानी बरतें।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article