अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने रविवार को घोषणा की कि लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के लिए क्रिकेट के क्वालीफायर मुकाबले फरवरी-मार्च 2028 में बांग्लादेश और अमेरिका में आयोजित किए जाएंगे। क्रिकेट 128 साल के अंतराल के बाद ओलंपिक खेलों में वापसी करेगा।लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के लिए पुरुष क्वालीफायर का आयोजन बांग्लादेश में पांच से 13 फरवरी 2028 तक होगा जबकि महिला क्वालीफायर अमेरिका में 26 फरवरी से पांच मार्च 2028 तक खेला जाएगा।
आईसीसी ने बाली में हुई बैठकों के बाद जारी बयान में कहा, "ये प्रतियोगिताएं लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 में क्रिकेट की वापसी के लिए क्वालीफिकेशन प्रक्रिया का अंतिम चरण होंगी।" इस प्रतियोगिता में आठ टीमें हिस्सा लेंगी जिन्हें चार-चार टीम के दो समूहों में बांटा जाएगा। इसमें कुल 13 मुकाबले खेले जाएंगे। प्रत्येक टीम अपने समूह की बाकी टीमों से एक-एक बार भिड़ेगी। दोनों समूहों की शीर्ष टीम फाइनल में पहुंचेंगी। फाइनल जीतने वाली टीम लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए अंतिम क्वालीफिकेशन स्थान हासिल करेगी।
लॉस एंजिलिस ओलंपिक में पुरुष और महिला टी20 प्रतियोगिताओं में छह-छह टीम हिस्सा लेंगी। अफ्रीका, एशिया, यूरोप और ओसियाना महाद्वीपों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया है। भारत ने इस साल की शुरुआत में हुए टी20 विश्व कप में सर्वोच्च स्थान हासिल करने वाली एशियाई टीम रहने के आधार पर महिला प्रतियोगिता के लिए पहले ही क्वालीफाई कर लिया है।
पुरुष टीम के भी विश्व रैंकिंग के आधार पर सीधे क्वालीफाई करने की उम्मीद है। इसके लिए 31 दिसंबर 2026 की कटऑफ तारीख तय की गई है। भारत को इस तारीख तक एशिया की सर्वोच्च रैंकिंग वाली टीम बने रहना होगा। भारतीय पुरुष टीम ने पिछले दो टी20 विश्व कप जीते हैं। आईसीसी ने रविवार को अपनी प्रमुख प्रतियोगिताओं के क्वालीफायर मुकाबलों की तारीखों की भी घोषणा की।
फरवरी और मार्च 2027 में होने वाले 2027 पुरुष एकदिवसीय विश्व कप क्वालीफायर में 10 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 23 मुकाबले खेले जाएंगे।प्रतियोगिता में पांच-पांच टीमों के दो समूह होंगे। इसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल खेले जाएंगे। शीर्ष चार टीमें दक्षिण अफ्रीका में होने वाले एकदिवसीय विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेंगी।
इस प्रतियोगिता का विजेता सीधे ग्रुप चरण में जगह बनाएगा जबकि बाकी तीन टीम ग्रुप चरण का अंतिम स्थान तय करने के लिए सुपर सीरीज में हिस्सा लेंगी। वर्ष 2028 पुरुष टी20 विश्व कप के लिए 16 टीम का वैश्विक क्वालीफायर 2028 की पहली तिमाही में आयोजित किया जाएगा। इसमें कुल 31 मुकाबले खेले जाएंगे।
टीमों को चार-चार टीम के चार समूहों में बांटा जाएगा। प्रतियोगिता में ग्रुप चरण के बाद क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल खेले जाएंगे। इस प्रतियोगिता से कुल आठ टीमें 2028 टी20 विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेंगी। प्रत्येक क्षेत्र की सर्वोच्च स्थान हासिल करने वाली टीम न्यूनतम प्रदर्शन मानदंडों को पूरा करने की शर्त पर जगह बनाएगी। बाकी स्थान समग्र रूप से अगली सर्वोच्च रैंकिंग वाली टीमों को मिलेंगे।
(भाषा)
