क्रिकेट

ICC ने बड़े टूर्नामेंट का कार्यक्रम घोषित कियाः 2029 चैंपियंस ट्रॉफी और 2031 वनडे विश्व कप भारत में होगा

ICC Announces Big Tournament's Schedule: आईसीसी ने अपने बड़े टूर्नामेंटों के कार्यक्रम का ऐलान कर दिया है। भारतीय फैंस के लिए खुशी की बात ये है कि 2029 चैंपियंस ट्रॉफी और वनडे वर्ल्ड कप 2031 की मेजबानी भारत करेगा।

Image

आईसीसी ने अपने बड़े टूर्नामेंटों के कार्यक्रम का ऐलान किया (X/ICC/ANI)

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के बोर्ड ने रविवार को 2035 तक होने वाले मुख्य पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजन की 'विंडो' को मंजूरी दे दी जिसके तहत भारत नौ से 28 अक्टूबर 2029 तक चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा जबकि 2031 में नौ अक्टूबर से 23 नवंबर तक होने वाले वनडे विश्व कप की संयुक्त मेजबानी करेगा।

हालांकि 2031 के बाद होने वाले टूर्नामेंट के मेजबान देशों की घोषणा नहीं की गई है लेकिन उनके आयोजन की तारीखें सार्वजनिक कर दी गई हैं।आईसीसी का यह निर्धारित कार्यक्रम 2028 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होने वाले टी20 विश्व कप से शुरू होकर 2035 में होने वाले वनडे विश्व कप तक जारी रहेगा।

आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता ने कहा, "आईसीसी के टूर्नामेंटों का पोर्टफोलियो और कार्यक्रम क्रिकेट के वैश्विक ढांचे के महत्वपूर्ण हिस्से हैं। ये इस खेल को और अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने के साथ-साथ पूरे क्रिकेट जगत को एक बेहतर दिशा और संदर्भ प्रदान करते हैं।"

उन्होंने कहा, "हम खिलाड़ियों और सदस्य देशों को इन टूर्नामेंटों के बारे में लंबे समय पहले जानकारी उपलब्ध कराने के महत्व को भी समझते हैं। इससे खिलाड़ियों के विकास के लिए बेहतर योजनाएं, उच्च प्रदर्शन वाले कार्यक्रम और व्यवस्थित क्रिकेट कैलेंडर तैयार करने में मदद मिलेगी।"

भारत 2031 के वनडे विश्व कप की मेजबानी बांग्लादेश के साथ मिलकर करेगा। इसके बाद 2035 में होने वाले वनडे विश्व कप का आयोजन भी तय कर दिया गया है। यह टूर्नामेंट अक्टूबर-नवंबर के दौरान खेला जाएगा, हालांकि इसके मेजबान देश का फैसला अभी नहीं हुआ है।

2028 का टी20 विश्व कप 12 अक्टूबर से 12 नवंबर तक ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में आयोजित होगा। फिर इसके अगले चरण का आयोजन 2030 में होगा जिसकी संयुक्त मेजबानी इंग्लैंड, स्कॉटलैंड और आयरलैंड करेंगे।

इसके बाद 2032 और 2034 में भी टी20 विश्व कप आयोजित किए जाएंगे। हालांकि, इन दोनों टूर्नामेंट के मेजबान देशों और आयोजन स्थलों की घोषणा अभी नहीं की गई है। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का फाइनल 2035 तक हर दो साल में जून महीने में आयोजित होता रहेगा। इंग्लैंड 2029 और 2031 के फाइनल की मेजबानी करेगा जबकि 2033 और 2035 के फाइनल के मेजबान देशों की घोषणा बाद में की जाएगी।

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article