यात्रा

Night Tourism का बढ़ता क्रेज, सूरज ढ़लने के बाद जाग उठती हैं ये खूबसूरत जगहें

Night Tourism: आज के समय में नाइट टूरिज्म तेजी से उभरता ट्रैवलिंग का एक नया रूप है। आज हम आपको देश की 5 शानदार जगहें बताएंगे जहां रात के समय घूमने बहुत से लोग पहुंचते हैं।

Image

नाइट टूरिज्म

Night Tourism: यात्रा का मतलब अब केवल दिन में घूमना-फिरना नहीं रह गया है। बदलती लाइफस्टाइल, सोशल मीडिया ट्रेंड्स और नए अनुभवों की चाह ने नाइट टूरिज्म (Night Tourism) को युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय बना दिया है। खासकर Gen Z और मिलेनियल्स अब ऐसी जगहों की तलाश में रहते हैं, जहां रात के समय भी शहर की रौनक, संस्कृति और रोमांच को करीब से महसूस किया जा सके। रात का पर्यटन केवल नाइटलाइफ तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें नाइट सफारी, तारों की छांव में कैंपिंग, लेट-नाइट फूड स्ट्रीट्स, रोशनी से जगमगाते ऐतिहासिक स्मारक और नाइट मार्केट्स जैसे अनुभव भी शामिल हैं। यही वजह है कि भारत और दुनिया भर में नाइट टूरिज्म एक नए ट्रैवल ट्रेंड के रूप में उभर रहा है। आइए जानते हैं देश की कुछ शानदार जगहें (Best Night Travel Destinations) जहां आपको रात में जरूर घूमना चाहिए।

जयपुर

दिन में अपनी ऐतिहासिक विरासत के लिए मशहूर जयपुर रात में एक अलग ही रंग में नजर आता है। आमेर किला, जलमहल और अल्बर्ट हॉल जैसे स्मारक रोशनी से जगमगा उठते हैं। शाम के बाद शहर की गलियां और बाजार पर्यटकों को एक अनूठा अनुभव देते हैं। रात में यहां लोकल फूड्स का स्वाद लेना भी यहां की यात्रा को यादगार बना देता है।

मुंबई

मायानगरी को रात में निहारना आपको हमेशा याद रहेगा। मुंबई को 'सिटी दैट नेवर स्लीप्स' कहा जाता है। मरीन ड्राइव की चमकती रोशनी, बांद्रा वर्ली सी लिंक का नजारा और देर रात तक खुले रहने वाले कैफे व फूड स्ट्रीट्स पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। समुद्र किनारे रात की ठंडी हवा और शहर की ऊर्जा एक अलग ही एहसास देती है।

ऋषिकेश

अगर आप शोर-शराबे से दूर कुछ शांत और सुकून भरा अनुभव चाहते हैं, तो ऋषिकेश का नाइट टूरिज्म बेहतरीन विकल्प हो सकता है। गंगा किनारे कैंपिंग, बोनफायर और तारों से भरे आसमान के नीचे बिताई गई रातें यात्रियों को प्रकृति के बेहद करीब ले जाती हैं।

गोवा

गोवा का नाम आते ही शानदार नाइटलाइफ की तस्वीर सामने आ जाती है। यहां के बीच, नाइट मार्केट, लाइव म्यूजिक शो और समुद्र किनारे होने वाली गतिविधियां पर्यटकों को देर रात तक बांधे रखती हैं। हालांकि गोवा केवल नाइट पार्टी के लिए ही नहीं जाना जाता, बल्कि रात के समय समुद्र का शांत और खूबसूरत रूप भी देखने लायक होता है।

कच्छ का रण

गुजरात का सफेद रण चांदनी रात में किसी सपनों की दुनिया जैसा दिखाई देता है। पूर्णिमा की रात यहां का दृश्य बेहद मनमोहक होता है। यहां दूर-दूर तक फैली सफेद रेत की धरती और चंद्रमा की रोशनी मिलकर एक अद्भुत अनुभव पैदा करती है।

क्यों बढ़ रहा है नाइट टूरिज्म का क्रेज

नाइट टूरिज्म लोगों को पारंपरिक ट्रैवलिंग से अलग और यादगार अनुभव देता है। इस नए ट्रैवल ट्रेंड में दिन की भीड़भाड़ से बचने, अनोखी तस्वीरें लेने और स्थानीय संस्कृति को नए अंदाज में देखने की चाह भी इसकी लोकप्रियता बढ़ा रही है। इसके अलावा कई शहर अब नाइट मार्केट, लाइट शो और विशेष रात्रि पर्यटन कार्यक्रमों को बढ़ावा दे रहे हैं।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article