Best Skydiving Places in India: अगर आप एडवेंचर लवर्स है और जिंदगी में कुछ ऐसा करना चाहते हैं जो हमेशा याद रहे, तो स्काईडाइविंग आपके लिए एक परफेक्ट ऑप्शन हो सकता है। हजारों फीट की ऊंचाई से छलांग लगाते समय मिलने वाला रोमांच आपको हमेशा याद रहेगा। इस दौरान तेज रफ्तार हवा का एहसास और नीचे फैले खूबसूरत नजारों का दृश्य किसी सपने से कम नहीं लगता है। इसमें अच्छी बात यह है कि अब इस रोमांचक खेल का मजा लेने के लिए विदेश जाने की जरूरत नहीं है। आज हम आपको भारत की 5 ऐसी जगहें (Skydiving in India) बताएंगे जहां प्रोफेशनल ट्रेनर्स की देखरेख में सुरक्षित स्काईडाइविंग की सुविधा उपलब्ध है।
मैसूर
कर्नाटक का मैसूर देश के सबसे चर्चित स्काईडाइविंग डेस्टिनेशन्स में गिना जाता है। यहां आसमान से चामुंडी पहाड़ियों और आसपास के प्राकृतिक दृश्यों को देखना अनोखा अनुभव होता है। यहां लगभग 10,000 फीट की ऊंचाई से होने वाली टैंडम जंप के साथ सोलो स्काईडाइविंग की ट्रेनिंग भी दी जाती है। यही कारण है कि ये जगह नए और अनुभवी दोनों तरह के स्काईडाइवर्स को खूब पसंद आती है।
आंबी घाटी
महाराष्ट्र की आंबी घाटी मुंबई और पुणे के एडवेंचर प्रेमियों के लिए पसंदीदा डेस्टिनेशन है। ऊंचे पहाड़ों, हरी-भरी वादियों और खूबसूरत घाटियों के बीच स्काईडाइविंग का अनुभव यहां और भी खास बन जाता है। जब आप हवा में होते हैं, तो नीचे फैला प्राकृतिक सौंदर्य इस रोमांच को कई गुना बढ़ा देता है।
धाना
मध्य प्रदेश के सागर जिले में स्थित धाना स्काईडाइविंग के लिए देश की प्रसिद्ध जगहों में से एक है। यह जगह भोपाल से लगभग 186 किलोमीटर की दूर है। यहां समय-समय पर स्काईडाइविंग कैंप आयोजित किए जाते हैं, जहां प्रतिभागियों को जंप से पहले करीब 30 मिनट की बेसिक ट्रेनिंग दी जाती है। इसके बाद लगभग 4,000 फीट की ऊंचाई से स्काईडाइविंग का रोमांचक अनुभव कराया जाता है।
नारनौल
हरियाणा का नारनौल स्काईडाइविंग के शौकीनों के बीच काफी फेमस होता जा रहा है। दिल्ली-एनसीआर से करीब दो घंटे की दूरी पर मौजूद यह जगह उन लोगों के लिए परफेक्ट है जो वीकेंड में एडवेंचर का आनंद लेना चाहते हैं। यहां लगभग 10,000 फीट की ऊंचाई से टैंडम जंप कराई जाती है। यदि आप पहली बार स्काईडाइविंग करने जा रहे हैं, जो नारनौल आपके लिए परफेक्ट है।
पांडिचेरी
यदि आप समुद्र के नजारों और एडवेंचर दोनों का एक साथ आनंद लेना चाहते हैं, तो पुडुचेरी आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है। यहां 10,000 फीट की ऊंचाई से छलांग लगाते समय समुद्र तट, झीलें और तटीय शहर का शानदार दृश्य दिखाई देता है।
रोमांच के साथ सुरक्षा भी जरूरी
स्काईडाइविंग एक रोमांचक लेकिन खतरों से भरा एडवेंचर स्पोर्ट है। इसलिए हमेशा सुरक्षा का खास ख्याल रखें। इसलिए इसे आप प्रमाणित ऑपरेटर और प्रशिक्षित इंस्ट्रक्टर्स के साथ ही करें। यदि आप जिंदगी में एक बार आसमान से धरती को देखने का सपना पूरा करना चाहते हैं, तो भारत की ये स्काईडाइविंग लोकेशन्स आपकी बकेट लिस्ट में जरूर होनी चाहिए।
