Honeymoon Destinations: शादी के बाद हनीमून हर कपल के लिए जिंदगी का सबसे खास और यादगार समय होता है। अगर आपकी भी हाल ही में शादी हुई है और आप मई की गर्मी में किसी ठंडी, शांत और रोमांटिक जगह की तलाश कर रहे हैं, तो भारत में कई ऐसी डेस्टिनेशन्स हैं जो आपके इस सफर को हमेशा के लिए यादगार बना सकती हैं। यहां आप अपनी पार्टनर के साथ सुकून भरे पल बिताते हुए रिश्ते को और भी मजबूत बना सकते हैं। आइए जानते हैं कुछ बेहतरीन हनीमून स्पॉट्स (Romantic Places for Couples) के बारे में...
1. डलहौजी
हिमाचल प्रदेश की वादियों में बसा डलहौजी उन कपल्स के लिए परफेक्ट है जो भीड़-भाड़ से दूर शांति चाहते हैं। यहां के देवदार के जंगल, झरने और ठंडी हवाएं माहौल को बेहद रोमांटिक बना देती हैं। आप खज्जियार, पंचपुला और सतधारा जैसी जगहों पर घूम सकते हैं। मई में यहां का मौसम सुहावना रहता है, जो हनीमून के लिए आदर्श है।
2. युसमर्ग
जम्मू-कश्मीर की युसमर्ग वैली अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जानी जाती है। हरी-भरी वादियां, ठंडी हवा और शांत माहौल इसे कपल्स के लिए खास बनाते हैं। यहां ट्रेकिंग और हाइकिंग का मजा भी लिया जा सकता है। मई में यहां का तापमान बेहद आरामदायक रहता है, जिससे आपका ट्रिप और भी शानदार हो जाता है।
3. अल्लेप्पी
अगर आप समुद्र और बैकवॉटर के बीच रोमांटिक समय बिताना चाहते हैं, तो केरल का अल्लेप्पी बेहतरीन विकल्प है। यहां हाउसबोट में स्टे करना एक अलग ही अनुभव देता है। ताड़ के पेड़, शांत नहरें और ठंडी हवाएं आपके हनीमून को खास बना देती हैं। इसे “पूर्व का वेनिस” भी कहा जाता है।
4.मुन्नार
केरल का मुन्नार अपनी हरी-भरी पहाड़ियों और चाय के बागानों के लिए मशहूर है। यहां के शांत रिसॉर्ट्स और वायनाड के ट्री-हाउस स्टे कपल्स को एक अनोखा अनुभव देते हैं। हल्की बारिश, ठंडी हवाएं और धुंध भरी सुबहें पूरे माहौल को बेहद रोमांटिक बना देती हैं।
5.चोपता
उत्तराखंड का चोपता उन कपल्स के लिए परफेक्ट हैं जो प्रकृति के बीच सुकून ढूंढते हैं। चोपता में बुरांश के फूलों से ढकी वादियां और तुंगनाथ मंदिर तक की ट्रेकिंग आपके सफर को खास बना देती है। वहीं औली की बर्फीली चोटियां और रोपवे राइड रोमांच और रोमांस का शानदार मेल पेश करती हैं।
यह लेख मूल रूप से गौरंगी (Gaurangi) द्वारा लिखा गया है, वह टाइम्स नाउ नवभारत के साथ बतौर इंटर्न जुड़ी हुई हैं।
