Dev Deepawali 2026, Varanasi: अगर आपसे पूछा जाए कि जिंदगी में एक बार कौन-सा नजारा जरूर देखना चाहेंगे, तो लाखों दीयों से जगमगाते बनारस के घाटों का नाम जरूर आएगा। देव दीपावली की रात काशी कुछ ऐसी ही दिखाई देती है, मानो आसमान के तारे जमीन पर उतर आए हों। गंगा के किनारे जलते मिट्टी के दीये, मंदिरों की घंटियां, मंत्रों की गूंज और गंगा आरती का अद्भुत माहौल हर किसी को मंत्रमुग्ध कर देता है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह पढ़ें - एक ही दिन में करें रामनगरी अयोध्या के प्रमुख स्थलों का दर्शन, यूपी पर्यटन ने शुरू किया खास टूर पैकेज
साल 2026 में देव दीपावली 24 नवंबर, मंगलवार को मनाई जाएगी। अगर आप भी इस खास मौके पर बनारस जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो सिर्फ एक दिन का प्लान बनाने के बजाय तीन दिन निकालें। इससे आपको त्योहार की रौनक के साथ काशी की गलियों, मंदिरों, स्वादिष्ट खानपान और ऐतिहासिक जगहों को भी करीब से जानने का मौका मिलेगा। यहां देखें तीन दिन की बनारस ट्रिप कैसे प्लान करें, जिसमें आप कुछ मिस आउट नहीं करेंगे।
पहला दिन: घाटों और गलियों से करें शुरुआत
23 नवंबर को बनारस पहुंचने की कोशिश करें। होटल में चेक-इन करने के बाद थोड़ा आराम करें और शाम को अस्सी घाट पहुंचें। यहां गंगा किनारे बैठकर डूबते सूरज का नजारा देखना अपने आप में खास अनुभव है। इसके बाद शाम की गंगा आरती में शामिल हों। रात को बनारस की गलियों में घूमते हुए कचौड़ी, जलेबी, बनारसी चाट और लस्सी का स्वाद लेना न भूलें। इस दिन ज्यादा जगहें देखने की जल्दबाजी न करें।
दूसरा दिन: देव दीपावली की रोशनी में खो जाएं
24 नवंबर आपकी यात्रा का सबसे खास दिन होगा। सुबह जल्दी उठकर गंगा किनारे जाएं और कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर स्नान और पूजा का अनुभव लें। इसके बाद काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करें।
दिन में थोड़ा आराम करें और शाम को पैदल पैदल बढ़िया बनारस को एक्सप्लोर करें। दशाश्वमेध घाट, राजेंद्र प्रसाद घाट और आसपास के घाटों पर दीयों की सजावट देखने को मिलेगी।शाम को गंगा के किनारे लाखों दीपक जलने का दृश्य आपको लंबे समय तक याद रहेगा। चाहें तो आप घाट पर न बैठकर, नाव से भी पटाखों और दीयों को देख सकते हैं। बनारस में बोटिंग का अनुभव बेहद अलग ही होता है।
तीसरा दिन: सारनाथ में बिताएं सुकून भरे पल
25 नवंबर को सुबह नाश्ते के बाद सारनाथ घूमने निकलें। यह जगह बनारस की भीड़भाड़ से अलग एक शांत अनुभव देती है। यहां धमेख स्तूप, पुरातात्विक अवशेष और बौद्ध मंदिर देख सकते हैं। सारनाथ में भगवान बुद्ध के जीवन और उनके पहले उपदेश से जुड़ी ऐतिहासिक जानकारी भी मिलेगी।
3 दिन वाली ये सिंपल आइटिनरी फॉलों कर आप आसानी से बनारस को करीब से देख पाएंगे। लोकल खाना और ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करेंगे, तो बजट फ्रेंडली भी रहेगी और शानदार भी।
