टेक एंड गैजेट्स

WhatsApp ला रहा है नया Scam Alert फीचर, ठगी वाले मैसेज से मिलेगी राहत

Scam Alert का फोकस खासतौर पर अनजान नंबरों से आने वाली बातचीत पर है। WhatsApp का सिस्टम मैसेज में मौजूद बातचीत के पैटर्न को डिवाइस पर ही जांचने की कोशिश करता है।

Image

वॉट्सऐप अपने यूजर्स को कई तरह के सेफ्टी फीचर्स देता है। (फोटो क्रेडिट-Digit)

आजकल WhatsApp सिर्फ चैट करने का जरिया नहीं रह गया है। लोग इसके जरिए पैसे से जुड़े काम, ऑफिस की बातचीत और जरूरी जानकारी भी शेयर करते हैं। इसी वजह से ठग भी WhatsApp का इस्तेमाल लोगों को फंसाने के लिए कर रहे हैं। कई बार किसी अनजान नंबर से मैसेज आता है और सामने वाला खुद को बैंक कर्मचारी, दोस्त या किसी कंपनी का अधिकारी बताकर तुरंत पैसे भेजने या किसी लिंक पर क्लिक करने के लिए कहता है। ऐसे मैसेज पहली नजर में बिल्कुल सामान्य लग सकते हैं, इसलिए यह पता लगाना मुश्किल हो जाता है कि सामने वाला असली है या ठग।

यूजर्स को ऐसे मामलों में सावधान करने के लिए WhatsApp एक नए Scam Alert फीचर पर काम कर रहा है। वॉट्सऐप में आने वाले इस फीचर का मकसद संदिग्ध बातचीत का अंदाजा लगाकर यूजर को समय रहते चेतावनी देना है। हालांकि, यह फीचर अभी हर WhatsApp यूजर के लिए उपलब्ध नहीं है।

संदिग्ध मैसेज आते ही मिल सकता है अलर्ट

सामने आई जानकारी के मुताबिक Scam Alert का फोकस खासतौर पर अनजान नंबरों से आने वाली बातचीत पर है। WhatsApp का सिस्टम मैसेज में मौजूद बातचीत के पैटर्न को डिवाइस पर ही जांचने की कोशिश करता है। अगर सिस्टम को किसी चैट में ऑनलाइन फ्रॉड, स्कैम से जुड़े संकेत दिखाई देते हैं, तो यूजर को चेतावनी दिखाई जा सकती है। इसके बाद यूजर के पास उस नंबर को ब्लॉक करने या रिपोर्ट करने का विकल्प होगा। अगर यूजर को लगता है कि अलर्ट गलती से आया है, तो वह बातचीत जारी रखने का फैसला भी कर सकता है।

हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि हर अनजान नंबर से आने वाला मैसेज स्कैम माना जाएगा। फीचर उन पैटर्न और तरीकों को पहचानने की कोशिश करता है, जो पहले सामने आए ठगी के मामलों में देखने को मिले हैं।

आसान भाषा में समझें तो WhatsApp आपको यह बताने की कोशिश करेगा कि किसी बातचीत में धोखाधड़ी की संभावना हो सकती है। इसके बाद आगे क्या करना है, यह फैसला यूजर खुद करेगा।

WhatsApp में Scam Alert सेटिंग कहां मिलेगी?

अगर आपके WhatsApp अकाउंट में यह फीचर उपलब्ध हो गया है, तो इसे ऐप की सेटिंग से चालू किया जा सकता है। इसके लिए आपको सबसे पहले वॉट्सऐप ओपन करके सेटिंग पर जाना होगा, इसके बाद आपको 'अकाउंट' के ऑप्शन पर जाना होगा और फिर 'स्कैम अलर्ट' जाएं। अगर आपके अकाउंट में यह विकल्प दिखाई देता है, तो यहां से फीचर को एक्टिव कर सकते है।

ध्यान रखें कि यह सुविधा फिलहाल कुछ Android बीटा यूजर्स के लिए टेस्ट किया जा रहा है। iPhone यूजर्स को इस फीचर के लिए अभी इंतजार करना पड़ सकता है। आने वाले अपडेट्स के साथ इसे रेगुलर यूजर्स के लिए रोलआउट किया जा सकता है।

किसी थर्ड-पार्टी ऐप या अनजान वेबसाइट की मदद से इस फीचर को एक्टिव करने की कोशिश भी न करें। जब यह सुविधा आपके अकाउंट के लिए उपलब्ध होगी, तभी WhatsApp की सेटिंग में इसका विकल्प दिखाई देगा।

आपकी चैट की प्राइवेसी का क्या होगा?

इस फीचर को लेकर सबसे बड़ा सवाल चैट की प्राइवेसी से जुड़ा है। WhatsApp के मुताबिक, संदिग्ध मैसेज की जांच फोन पर ही की जाती है। यानी इस जांच के लिए मैसेज का कंटेंट WhatsApp या Meta के सर्वर पर भेजना जरूरी नहीं है। साथ ही, Scam Alert अपने आप किसी चैट को रिपोर्ट नहीं करता। अगर आपको किसी बातचीत पर चेतावनी मिलती है, तो उसके बाद नंबर को ब्लॉक करना, रिपोर्ट करना या बातचीत जारी रखना आपके हाथ में रहता है।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article