स्मार्टफोन की दुनिया में अब बड़ी बैटरी देने की होड़ तेज होती नजर आ रही है। अभी तक 10,000mAh बैटरी वाले फोन चर्चा में थे, लेकिन Honor इससे भी एक कदम आगे बढ़ने की तैयारी कर रहा है। सामने आई नई रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी एक ऐसे स्मार्टफोन पर काम कर रही है, जिसमें 13,500mAh की विशाल बैटरी देखने को मिल सकती है। इसके अलावा फोन में करीब 7 इंच की बड़ी स्क्रीन भी दी जा सकती है।
माना जा रहा है कि यह नया डिवाइस Honor की X-Series का हिस्सा होगा। मशहूर टिप्स्टर Digital Chat Station ने चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Weibo पर इस फोन से जुड़ी जानकारी साझा की है। लीक के अनुसार, कंपनी इसे चीनी नववर्ष से पहले बाजार में उतार सकती है। हालांकि, अभी तक Honor ने इस स्मार्टफोन के नाम या लॉन्च को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
मिल सकती है 13,500mAh की बैटरी
लीक में दावा किया गया है कि Honor के आने वाले X-Series स्मार्टफोन में 6.96 इंच की डिस्प्ले दी जा सकती है। यानी यूजर्स को लगभग 7 इंच की बड़ी स्क्रीन मिलेगी। फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 13,500mAh की बैटरी हो सकती है। अगर यह लीक सही साबित होती है, तो बैटरी के मामले में यह स्मार्टफोन बाजार के कई मौजूदा फोन को पीछे छोड़ सकता है। हालांकि, अभी इसके प्रोसेसर, कैमरा, चार्जिंग टेक्नोलॉजी और अन्य फीचर्स के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
पहले 15,000mAh बैटरी की भी हुई थी चर्चा
Honor की बड़ी बैटरी वाले स्मार्टफोन को लेकर पहले भी कई खबरें सामने आ चुकी हैं। कुछ समय पहले कंपनी की 13,500mAh क्षमता वाली बैटरी के ट्रायल प्रोडक्शन में पहुंचने की जानकारी मिली थी। इसके अलावा एक पुराने लीक में दावा किया गया था कि Honor अपने 7 इंच के मिड-रेंज स्मार्टफोन के लिए 15,000mAh बैटरी की टेस्टिंग कर रहा है। हालांकि, ताजा जानकारी में 13,500mAh बैटरी का ही जिक्र किया गया है।
कंपनी पहले भी ला चुकी है बड़ी बैटरी वाला फोन
Honor पिछले कुछ समय से अपने स्मार्टफोन में बैटरी क्षमता बढ़ाने पर खास ध्यान दे रहा है। कंपनी ने जनवरी 2026 में Honor Power 2 पेश किया था, जिसमें 10,080mAh की बैटरी दी गई है। खास बात यह है कि इतनी बड़ी बैटरी होने के बाद भी फोन की मोटाई सिर्फ 7.98mm रखी गई है। इसमें 80W फास्ट चार्जिंग और 27W रिवर्स वायर्ड चार्जिंग की सुविधा भी मिलती है।
इसके अलावा कंपनी की Honor WIN सीरीज में 10,000mAh और Honor X80 Pro Max में 11,000mAh की बैटरी दी गई है। अक्टूबर में लॉन्च हुए Honor X9e Pro में भी 11,000mAh की बड़ी बैटरी मिलती है। फिलहाल Honor के नए 13,500mAh बैटरी वाले फोन का इंतजार करना होगा। कंपनी की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही इसके फीचर्स, कीमत और लॉन्च डेट का सही पता चल पाएगा।
