Delhi To Kashmir Drug Network: नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने दिल्ली से कश्मीर घाटी तक फैले अंतरराज्यीय फार्मास्यूटिकल ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का बड़ा भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जांच के दौरान दिल्ली के शाहदरा इलाके में किराए के परिसर में चल रहे एक अवैध गोदाम का भी खुलासा हुआ है, जहां से 5 लाख से ज्यादा टैबलेट, कैप्सूल और दवाओं की बोतलें बरामद की गई हैं।
जम्मू-कश्मीर से दिल्ली तक फैला फार्मा ड्रग्स नेटवर्क
NCB की जम्मू जोनल यूनिट ने दिल्ली जोनल यूनिट के साथ मिलकर यह कार्रवाई की है। NCB को मिली पुख्ता खुफिया जानकारी के आधार पर 16 नवंबर 2026 की सुबह जम्मू की टीम ने उधमपुर जिले के चेनानी स्थित मड़ा टोल प्लाजा के पास श्रीनगर जा रही एक यात्री बस को रोककर तलाशी ली। इस दौरान डोडा जिले के भद्रवाह निवासी एक व्यक्ति के पास से करीब 7 किलो कोडीन बेस्ड कफ सिरप (CBCS) बरामद किया गया। इसके बाद NCB ने NDPS एक्ट 1985 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
बस से 7 किलो कोडीन सिरप बरामद
आगे की जांच में कश्मीर घाटी से इस नेटवर्क के मुख्य सप्लायर और रिसीवर तक पहुंचने की कोशिश की गई। इस दौरान अनंतनाग जिले के रहने वाले एक संदिग्ध मुख्य रिसीवर को पकड़ा गया। इसके बाद दिल्ली में सप्लाई चेन से जुड़े लोगों की तलाश शुरू हुई। जांच आगे बढ़ी तो एजेंसी को दिल्ली के शाहदरा इलाके में किराए के परिसर में चल रहे एक गुप्त गोदाम की जानकारी मिली। 18 और 19 नवंबर को की गई तलाशी में यहां से 5 लाख से अधिक टैबलेट, कैप्सूल और दवाओं की बोतलें बरामद हुईं। इनमें ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड, अल्प्राजोलम, नाइट्राजेपाम और कोडीन युक्त दवाएं शामिल हैं। ये सभी दवाएं नशे के लिए इस्तेमाल की जाती हैं और बिना डॉक्टर की पर्ची के इनकी बिक्री पर रोक है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- अमेरिकी अदालत ने निखिल गुप्ता को सुनाई 235 माह जेल की सजा
अनंतनाग का मुख्य रिसीवर पकड़ा गया
NCB अब इस बात की जांच कर रही है कि वैध फार्मास्यूटिकल सप्लाई चेन से कोडीन कफ सिरप को कहां और किस स्तर पर अवैध तरीके से डायवर्ट किया गया। एजेंसी नेटवर्क के मुख्य सप्लायर, वितरकों और फंडिंग से जुड़े लोगों की पहचान करने में जुटी है। जांच का मकसद केवल नशीली दवाओं की खेप पकड़ना नहीं, बल्कि उस पूरे सप्लाई और फाइनेंशियल नेटवर्क को खत्म करना है, जिसके जरिए इन दवाओं को अवैध बाजार तक पहुंचाया जा रहा था। NCB का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े और भी लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है। जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
