टेक एंड गैजेट्स

क्या Apple Watch आपकी बातें भी सुनती है? AI फीचर्स ने बढ़ाई प्राइवेसी की चिंता, जानिए पूरा मामला

Apple के नए AI फीचर्स को लेकर चर्चा है कि ये आसपास की बातचीत को समझने और जरूरत के हिसाब से उसका सार तैयार करने में मदद कर सकते हैं। कंपनी का कहना है कि यूजर्स की प्राइवेसी का पूरा ध्यान रखा जाता है। Apple के मुताबिक, इस प्रक्रिया में बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग सेव नहीं की जाती।

Image

एप्पल वॉच में आपको कई तरह के प्रीमियम फीचर्स भी देखने को मिलते हैं। (फोटो क्रेडिट-Apple)

आजकल स्मार्टवॉच सिर्फ समय देखने या फिटनेस ट्रैक करने तक सीमित नहीं रह गई हैं। अब इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से ऐसे फीचर्स भी आने लगे हैं, जो हमारे आसपास होने वाली बातचीत को समझ सकते हैं और उसका सार भी बता सकते हैं। Apple Watch में आने वाले ऐसे ही कुछ नए फीचर्स ने लोगों के मन में प्राइवेसी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

चिंता की सबसे बड़ी वजह यह है कि ये फीचर्स आसपास की आवाजों को सुनकर बातचीत के कुछ हिस्सों को टेक्स्ट में बदल सकते हैं। इतना ही नहीं, दिनभर की बातचीत का छोटा-सा सार भी तैयार किया जा सकता है। ऐसे में सवाल उठना लाजमी है कि क्या हमारी निजी बातें भी अब स्मार्टवॉच तक पहुंच रही हैं?

क्या Apple Watch हर समय आवाजें सुनती है?

Apple के नए AI फीचर्स को लेकर चर्चा है कि ये आसपास की बातचीत को समझने और जरूरत के हिसाब से उसका सार तैयार करने में मदद कर सकते हैं। कंपनी का कहना है कि यूजर्स की प्राइवेसी का पूरा ध्यान रखा जाता है। Apple के मुताबिक, इस प्रक्रिया में बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग सेव नहीं की जाती। इसके अलावा, डेटा को सुरक्षित रखने के लिए एन्क्रिप्शन जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया जाता है।

लेकिन लोगों की चिंता सिर्फ इस बात को लेकर नहीं है कि ऑडियो कहां सेव होता है। असली सवाल यह है कि जब कोई व्यक्ति अपनी वॉच के जरिए आसपास की बातचीत को AI से समझवा सकता है, तो उस बातचीत में शामिल दूसरे लोगों की प्राइवेसी का क्या होगा?

क्या दूसरों की बातें सी सुनता है AI

मान लीजिए आप किसी रेस्टोरेंट में दोस्तों के साथ बैठे हैं या ऑफिस में मीटिंग कर रहे हैं। वहां मौजूद हर व्यक्ति यह उम्मीद करता है कि उसकी बातचीत सिर्फ वहीं तक सीमित रहेगी। लेकिन अगर किसी की स्मार्टवॉच आसपास की आवाजों को समझकर उनका टेक्स्ट या समरी तैयार करती है, तो वहां मौजूद दूसरे लोगों की बातें भी इस प्रक्रिया का हिस्सा बन सकती हैं। प्राइवेसी की दुनिया में इसे 'कॉन्टेक्स्चुअल इंटीग्रिटी' कहा जाता है। आसान भाषा में समझें तो इसका मतलब है कि किसी व्यक्ति की निजी जानकारी का इस्तेमाल उसी माहौल और मकसद के हिसाब से होना चाहिए, जिसके लिए उसने अपनी बात साझा की है।

यहां परेशानी यह है कि वॉच पहनने वाला व्यक्ति तो अपनी मर्जी से फीचर चालू कर सकता है, लेकिन उसके आसपास बैठे लोगों को शायद इसकी जानकारी भी न हो। यानी एक व्यक्ति की सहमति से शुरू हुआ फीचर दूसरे लोगों की निजता से जुड़ा सवाल बन सकता है।

Live Rewind और Siri Recap को लेकर क्यों हो रही चर्चा?

Apple के नए फीचर्स में Live Rewind और Siri Recap जैसे नाम चर्चा में हैं। Live Rewind का काम हाल ही में हुई बातचीत के पिछले कुछ सेकंड को टेक्स्ट में बदलने में मदद करना है। इस फीचर को शुरू करने पर साउंड और माइक्रोफोन इंडिकेटर जैसे संकेत मिलने की बात कही गई है, ताकि आसपास के लोगों को पता चल सके कि यह सुविधा इस्तेमाल की जा रही है। Siri Recap को लेकर अलग तरह की चिंता जताई जा रही है। इसका मकसद दिनभर की गतिविधियों और बातचीत से जुड़ी जानकारी का सार तैयार करना है।

अगर किसी फीचर के इस्तेमाल के दौरान आसपास के लोगों को कोई साफ संकेत नहीं मिलता, तो उनके लिए यह समझना मुश्किल हो सकता है कि उनकी बातें भी AI की प्रक्रिया में शामिल हो रही हैं या नहीं।

Siri से जुड़े पुराने विवाद ने भी बढ़ाई चिंता

टेक कंपनियों के प्राइवेसी रिकॉर्ड को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। Apple की वॉइस असिस्टेंट Siri को लेकर भी ऐसा ही विवाद सामने आ चुका है। साल 2025 में Apple ने Siri से जुड़े एक मामले को निपटाने के लिए 95 मिलियन डॉलर का भुगतान करने पर सहमति जताई थी। इस मामले में आरोप था कि Siri कभी-कभी गलती से एक्टिवेट हो जाती थी और कुछ निजी ऑडियो थर्ड-पार्टी कॉन्ट्रैक्टर्स तक पहुंच सकता था।

हालांकि, इस मामले को नए AI फीचर्स के साथ सीधे जोड़कर नहीं देखना चाहिए। फिर भी पुराने विवादों की वजह से लोगों के मन में यह सवाल बना हुआ है कि उनकी निजी बातचीत कितनी सुरक्षित है।

Apple का प्राइवेसी सिस्टम कितना सुरक्षित है?

Apple का दावा है कि वह यूजर्स के डेटा की सुरक्षा के लिए खास तकनीक का इस्तेमाल करता है। कंपनी की Private Cloud Compute व्यवस्था इसी दिशा में तैयार की गई है। इसका मकसद यह है कि AI से जुड़े कुछ काम सुरक्षित क्लाउड सर्वर पर किए जा सकें, लेकिन यूजर्स की निजी जानकारी तक कंपनी की पहुंच सीमित रहे।

Apple के अनुसार, इस सिस्टम को इस तरह डिजाइन किया गया है कि डेटा को सुरक्षित रखा जाए और जरूरत पूरी होने के बाद अनावश्यक जानकारी को स्टोर न किया जाए। कंपनी अपने सुरक्षा सिस्टम की जांच के लिए स्वतंत्र सुरक्षा विशेषज्ञों को भी मौका देती है। इससे सिस्टम की कमियों का पता लगाने और सुरक्षा को बेहतर बनाने में मदद मिलती है। हालांकि, किसी भी कंपनी का प्राइवेसी सिस्टम कितना भी मजबूत क्यों न हो, यूजर्स के लिए यह जानना जरूरी है कि उनका डेटा कब, कैसे और किस काम के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article