टेक एंड गैजेट्स

मोबाइल कंपनियों को बड़ा झटका! ऑफर और डिस्काउंट के बाद भी त्योहारों में नहीं बिके फोन, 22% तक गिरी बिक्री

रिपोर्ट के मुताबिक, 8 अक्टूबर से 10 नवंबर के बीच त्योहारों के मौसम में स्मार्टफोन की बिक्री में करीब 22 प्रतिशत की गिरावट आई। इस दौरान सैमसंग 21 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी के साथ पहले नंबर पर रही। हालांकि, उसकी बिक्री भी 8 प्रतिशत कम हुई।

Image

त्योहारी सीजन में भी स्मार्टफोन कंपनियां ग्राहकों को नहीं लुभा सकीं। (फोटो क्रेडिट-AI Image)

भारत में इस साल त्योहारों के दौरान स्मार्टफोन की बिक्री में बड़ी गिरावट देखने को मिली। पिछले साल के मुकाबले इस बार बिक्री करीब 22 प्रतिशत कम रही। इसकी सबसे बड़ी वजह मेमोरी चिप महंगी होना और लोगों का कम फोन खरीदना रहा। बाजार पर नजर रखने वाली कंपनी काउंटरपॉइंट रिसर्च ने शुक्रवार को अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी।

रिपोर्ट के मुताबिक, 8 अक्टूबर से 10 नवंबर के बीच त्योहारों के मौसम में स्मार्टफोन की बिक्री में करीब 22 प्रतिशत की गिरावट आई। इस दौरान सैमसंग 21 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी के साथ पहले नंबर पर रही। हालांकि, उसकी बिक्री भी 8 प्रतिशत कम हुई। वहीं, वीवो 18 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ दूसरे और ओप्पो 12 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ तीसरे नंबर पर रही।

एप्पल की हिस्सेदारी घटी

रिपोर्ट में बताया गया कि आईफोन बनाने वाली कंपनी एप्पल की बाजार हिस्सेदारी में भी पिछले साल के मुकाबले दोहरे अंकों में गिरावट आई। खास बात यह है कि कंपनी ने इस दौरान आईफोन 18 सीरीज भी लॉन्च की थी, लेकिन इसके बावजूद बिक्री में खास बढ़ोतरी नहीं हुई।

ग्राहकों ने बनाई दूरी

काउंटरपॉइंट के अनुसार, डीआरएएम और एनएएनडी मेमोरी चिप महंगी होने से स्मार्टफोन की कीमतें बढ़ गईं। इसके चलते कंपनियों के लिए ग्राहकों को ज्यादा छूट देना भी मुश्किल हो गया।

साल 2025 में त्योहारों के दौरान फोन पर 35 से 40 प्रतिशत तक छूट मिल रही थी, लेकिन इस साल यह घटकर 10 से 25 प्रतिशत रह गई। छूट मिलने के बाद भी सस्ते स्मार्टफोन पिछले साल के मुकाबले महंगे रहे। इसका सबसे ज्यादा असर कम बजट वाले ग्राहकों पर पड़ा।

बैंक ऑफर से ग्राहकों को लुभाने की कोशिश

ग्राहकों को फोन खरीदने के लिए लुभाने के मकसद से कंपनियों ने बिना ब्याज वाली ईएमआई, बैंक डिस्काउंट और पुराने फोन के बदले नया फोन देने जैसे ऑफर दिए। रिपोर्ट के मुताबिक, इस त्योहारी सीजन में बिकने वाले कुल स्मार्टफोन में से 48 प्रतिशत फोन लोगों ने किस्तों यानी ईएमआई पर खरीदे।

ऑनलाइन मार्केट से भी हटे ग्राहक

रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म पर फोन देखने और उनकी जानकारी लेने वाले लोगों की संख्या तो बढ़ी, लेकिन खरीदारी कम हुई। दुकानों पर भी शुरुआत में ग्राहक कम पहुंचे। नवरात्रि के दौरान दुकानों पर लोगों की भीड़ जरूर बढ़ी, लेकिन इसका असर बिक्री पर उतना नहीं दिखा, जितनी उम्मीद की जा रही थी। कुल मिलाकर, इस बार लोगों ने त्योहारों में शौक के लिए नया स्मार्टफोन खरीदने के बजाय जरूरत पड़ने पर ही फोन खरीदा।

तीसरी तिमाही में भी सप्लाई घटी

वहीं, साइबरमीडिया की एक दूसरी रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई से सितंबर के बीच देश में स्मार्टफोन की कुल सप्लाई में 20 प्रतिशत की गिरावट आई। इस दौरान सैमसंग की सप्लाई 8 प्रतिशत, वीवो और ओप्पो की 25-25 प्रतिशत, शाओमी की 28 प्रतिशत और एप्पल की सप्लाई 16 प्रतिशत कम रही।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article