क्रिकेट

IND vs NZ: भारत के खिलाफ डफी ने अकेले लुटा दिए 180 रन, गेंदबाजी कोच ओरम ने किया समर्थन

India vs New Zealand: भारत-न्यूजीलैंड वेलिंगटन टेस्ट मैच की पहली पारी में तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 4 विकेट पर 486 रन बना लिए थे। भारत के इस रनों की बारिश के बीच सबसे ज्यादा रन लुटाने वाले गेंदबाज जेकब डफी रहे। उन्होंने 180 रन लुटाए। हालांकि न्यूजीलैंड के बॉलिंग कोच जेकब ओरम ने उनका समर्थन किया है।

Image

जेकब डफी भारत के खिलाफ सबसे महंगे साबित हुए (AP/X/blackcaps)

IND vs NZ: न्यूजीलैंड के बॉलिंग कोच जैकब ओरम ने शनिवार को जैकब डफी का समर्थन किया, जो भारत के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में काफी महंगे साबित हुए। डफी ने 29 ओवरों में 180 रन दिए और सिर्फ एक विकेट लिया।

जेकब ओरम ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद पत्रकारों से कहा, "जब चीजें अच्छी चल रही हों तो हम बहुत ज्यादा खुश नहीं होते और जब चीजें हमारे पक्ष में नहीं हों तो हम बहुत ज्यादा निराश भी नहीं होते। अगर आप केवल स्कोर बोर्ड पर ही ध्यान देंगे तो यह उसका दिन नहीं था। पिछले दो सत्र में उसने कई बार अच्छा प्रदर्शन किया है। इसलिए एक दिन के खराब प्रदर्शन से उसकी आलोचना करना ठीक नहीं है।"

ओरम ने कहा, "वह जानता है कि उसे कुछ क्षेत्रों में सुधार करने की जरूरत है लेकिन वह ड्रेसिंग रूम में अकेला नहीं है।" डफी ने पिछले सत्र में अपने अच्छे प्रदर्शन के लिए ’सर रिचर्ड हैडली मेडल और प्लेयर्स कैप’ जीता था। उनके शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें आईपीएल में खेलने का मौका भी मिला था।

ओरम ने कहा कि जब यह तेज गेंदबाज सफलता हासिल कर रहा था तब भी उन्होंने कड़ी मेहनत करना जारी रखा। उन्होंने कहा, "एक खिलाड़ी ने कुछ ज्यादा रन लुटा दिए, इस पर मैं ज्यादा बात नहीं करना चाहता हूं। खिलाड़ी हमेशा कुछ न कुछ सुधार करते रहते हैं। इस टेस्ट से पहले भी वह सुधार कर रहा था। पिछले सत्र में भी जब उसने सर रिचर्ड हैडली मेडल और प्लेयर्स कैप जीता था, तब भी वह सुधार कर रहा था।"

ओरम ने यह भी कहा कि भारत ने शानदार बल्लेबाजी की लेकिन इसके बावजूद उनका गेंदबाजी आक्रमण सकारात्मक बना हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्य उद्देश्य अच्छे बल्लेबाजों को आउट करने के तरीके ढूंढना और साथ ही रन प्रवाह को रोकना है। उन्होंने कहा, "हमारे बीच रचनात्मक चर्चा हुई है। हम इस पर बात करेंगे कि इन अच्छे बल्लेबाजों को कैसे आउट किया जा सकता है और रन प्रभाव पर कैसे अंकुश लगाया जा सकता है।"

गेंदबाजी कोच ने कहा कि केवल आंकड़ों के आधार पर प्रदर्शन का आकलन नहीं किया जा सकता है। उन्होंने इस संदर्भ में नाथन स्मिथ का उदाहरण दिया जिन्होंने अच्छी गेंदबाजी करने के बावजूद केवल एक विकेट हासिल किया। ओरम ने कहा, "नाथन स्मिथ जैसे किसी खिलाड़ी को ही ले लीजिए। उसने बहुत अच्छी गेंदबाजी की लेकिन उसे केवल एक विकेट मिला। इसलिए केवल आंकड़ों के आधार पर किसी का आकलन नहीं किया जा सकता।"

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article