लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp यूजर्स के लिए एक बड़ा प्राइवेसी फीचर लाने की तैयारी कर रहा है। कंपनी ने यूजरनेम रिजर्व करने की सुविधा का रोलआउट शुरू कर दिया है। इस फीचर के पूरी तरह लॉन्च होने के बाद यूजर्स किसी से चैट शुरू करने के लिए अपना फोन नंबर शेयर करने के बजाय यूजरनेम का इस्तेमाल कर सकेंगे।
लॉन्च से पहले यूजरनेम बुक करने का मौका
WhatsApp ने बताया है कि यूजरनेम (Username) रिजर्वेशन धीरे-धीरे सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है। जिन अकाउंट्स में यह सुविधा उपलब्ध होगी, उन्हें ऐप के अंदर नोटिफिकेशन मिलेगा। यूजर्स अभी से अपना पसंदीदा यूजरनेम सुरक्षित कर सकते हैं, ताकि बाद में कोई दूसरा व्यक्ति उसे न ले सके।

WhatsApp Username Feature
कंपनी का कहना है कि यूजरनेम का इस्तेमाल सोशल मीडिया हैंडल की तरह नहीं होगा, बल्कि यह एक प्राइवेसी फीचर होगा। यूजर अपनी पसंद का कोई भी यूजरनेम चुन सकेंगे और जरूरत पड़ने पर उसे बदल भी सकेंगे। आप चाहें तो इंस्टाग्राम की आईडी या फेसबुक आईडी का भी इस्तेमाल WhatsApp पर यूजरनेम के लिए कर सकते हैं।
फोन नंबर छिपाकर कर सकेंगे बातचीत
नए फीचर के आने के बाद यूजर्स को किसी नए व्यक्ति, बिजनेस या कम्युनिटी से जुड़ने के लिए अपना मोबाइल नंबर बताने की जरूरत नहीं होगी। वे सिर्फ अपना यूजरनेम शेयर करके बातचीत शुरू कर सकेंगे। WhatsApp ने बताया कि यूजरनेम की कोई पब्लिक डायरेक्टरी नहीं होगी और न ही यूजर्स को किसी तरह के सुझाव दिए जाएंगे। किसी व्यक्ति से पहली बार संपर्क करने के लिए सामने वाले को आपका सही यूजरनेम पता होना जरूरी होगा।
यूजरनेम की सुरक्षा के लिए मिलेगा अतिरिक्त कंट्रोल
WhatsApp यूजरनेम के साथ एक वैकल्पिक "यूजरनेम की" फीचर भी दे रहा है। अगर कोई व्यक्ति पहली बार यूजरनेम के जरिए संपर्क करना चाहता है, तो उसे यह की दर्ज करनी पड़ सकती है। यूजर इस की को कभी भी बदल सकेंगे। कंपनी के मुताबिक, यह फीचर उन लोगों के लिए उपयोगी होगा जो किसी नए व्यक्ति से संपर्क करते समय अपना फोन नंबर साझा नहीं करना चाहते।

WhatsApp Username
तीन अरब से ज्यादा यूजर्स की वजह से शुरू हुआ रिजर्वेशन
WhatsApp के दुनिया भर में तीन अरब से ज्यादा यूजर्स हैं। कंपनी ने बताया कि इतने बड़े यूजर बेस के कारण कई लोग एक ही यूजरनेम पसंद कर सकते हैं। इसी वजह से फीचर के आधिकारिक लॉन्च से पहले यूजरनेम रिजर्वेशन शुरू किया गया है।
यूजर्स को पसंदीदा नाम चुनने में मदद के लिए WhatsApp यूजरनेम जनरेटर भी उपलब्ध करा रहा है। इसके अलावा क्रिएटर्स, छोटे कारोबार और संगठन अपने Meta Platforms प्लेटफॉर्म्स पर इस्तेमाल किए जाने वाले नामों को भी एक जैसा रख सकेंगे।
ऐसे रिजर्व करें WhatsApp यूजरनेम
- यूजरनेम रिजर्व करने के लिए WhatsApp का लेटेस्ट वर्जन इंस्टॉल करें।
- Settings → Account → Username
- पर जाकर उपलब्ध होने पर अपना यूजरनेम चुन सकते हैं।
